मुजफ्फरपुर: बिहार पुलिस मुख्यालय की विशेष कार्य बल (STF) और मुजफ्फरपुर जिला पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में हत्या की एक कथित साजिश को समय रहते नाकाम कर दिया गया. पुलिस ने पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया है. इनके पास से लोडेड 7 एमएम पिस्तौल, पांच जिंदा कारतूस, चारपहिया वाहन, बाइक, मोबाइल समेत अन्य सामान बरामद किया गया है.
करीब एक करोड़ रुपये के जमीन विवाद को लेकर हत्या की थी योजना
पुलिस के अनुसार, बिहार STF को सूचना मिली थी कि 5-6 अपराधी करीब एक करोड़ रुपये के जमीन विवाद को लेकर कलमबाग चौक स्थित शत्रुघन सिंह की चार कट्ठा जमीन को हड़पने के उद्देश्य से हत्या की योजना बना रहे हैं. सूचना के आधार पर STF की विशेष टीम और जिला पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की.
बोचाहा में तीन आरोपित लोडेड पिस्तौल के साथ गिरफ्तार
13 सितंबर 2026 को STF की विशेष टीम और बोचाहा थाना पुलिस ने छापेमारी कर तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया. गिरफ्तार आरोपितों की पहचान रोशन सिंह, निवासी बंगरा थाना साहेबगंज, मुकुंद प्रियम, निवासी कलमबाग चौक थाना काजी मोहम्मदपुर और श्रीराम कुमार, निवासी थाना रामनगरहूरी के रूप में हुई है.
पुलिस ने इनके पास से 7 एमएम की पिस्तौल (Made in USA) एक, चार जिंदा कारतूस, एक चारपहिया वाहन, एक पावर बैंक और 570 रुपये नकद बरामद किए. मामले में बोचाहा थाना कांड संख्या 262/26, दिनांक 13.09.2026 के तहत धारा 25(1-बी)ए/26/35 आर्म्स एक्ट में प्राथमिकी दर्ज की गयी है.
निशानदेही पर खबरा से दो अन्य आरोपित गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपितों की निशानदेही पर सदर थाना क्षेत्र के खबरा स्थित सुनील ठाकुर के मकान में छापेमारी की गयी. यहां से सूरज कुमार दुबे, पिता शंकर दुबे, निवासी ताजपुर थाना राजपुर और सुमित कुमार, पिता राजेश कुमार, निवासी भुसावर थाना विभूतिपुर, समस्तीपुर को गिरफ्तार किया गया.
इनके पास से एक जिंदा कारतूस, तीन मोबाइल, एक घड़ी, एक डोंगल, एक बाइक समेत अन्य सामान बरामद किए गए. इस मामले में सदर थाना कांड संख्या 869/26, दिनांक 13.09.2026 के तहत धारा 25(1-बी)ए/26/35 आर्म्स एक्ट दर्ज किया गया है.
तीन आरोपितों का आपराधिक इतिहास भी सामने आया
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपित सुमित कुमार के खिलाफ मुजफ्फरपुर के मनियारी थाना में आर्म्स एक्ट का एक मामला दर्ज है. सूरज कुमार दुबे के खिलाफ मुजफ्फरपुर जिले के विभिन्न थानों में लूट और आर्म्स एक्ट समेत आठ मामले दर्ज हैं.
वहीं, रोशन सिंह के खिलाफ मुजफ्फरपुर के साहेबगंज थाना में हत्या के प्रयास सहित एक मामला दर्ज है. पुलिस गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ कर मामले में शामिल अन्य लोगों और हत्या की कथित साजिश से जुड़े नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है.
यह भी पढ़ें
मुजफ्फरपुर में अपराध से जुड़ी ताजा खबरें और पुलिस कार्रवाई पढ़ें
