Land Mafia Attack Muzaffarpur: मुजफ्फरपुर अहियापुर थाना क्षेत्र के झपहा डीह में जमीन विवाद को लेकर उस समय अफरा-तफरी और हड़कंप मच गया, जब दबंगों ने अचानक बुलडोजर चलाकर 52 लोगों के घरों और बाउंड्री वॉल को ध्वस्त कर दिया. इस घटना से स्थानीय निवासियों और जमीन मालिकों में गहरा आक्रोश व्याप्त है.
land dispute: बुलडोजर से 52 लोगों के घर और बाउंड्री तोड़ी
पीड़ितों के अनुसार दबंगों ने अचानक जेसीबी से हमला कर 52 लोगों के बने-बनाये घरों और चहारदीवारी को पूरी तरह तोड़ दिया. जब तक जमीन मालिक और ग्रामीण मौके पर पहुंचते, तब तक सभी आरोपी जेसीबी लेकर मौके से फरार हो चुके थे. पीड़ित प्रेम चंद्र मिश्र ने बताया कि उन्होंने पांच साल पहले जमीन कारोबारी प्रभात रंजन से 15 लाख रुपये में जमीन खरीदी थी और उनके पास सभी वैध कागजात मौजूद हैं.
विरोध करने पर मारपीट और जानलेवा हमला
घटना की जानकारी मिलने पर जब प्रेम चंद्र मिश्र मौके पर पहुंचे और विरोध जताया, तो आरोपितों ने उनके साथ जमकर मारपीट की. इतना ही नहीं, दबंगों ने उन्हें जबरन उठाकर चलती जेसीबी पर फेंकने का प्रयास भी किया. स्थानीय लोगों ने किसी तरह बीच-बचाव कर उनकी जान बचाई. इस दौरान बीच-बचाव करने आए एक अन्य व्यक्ति का मोबाइल भी तोड़ दिया गया.
4 घंटे तक सैकड़ों फोन के बाद पहुंची पुलिस
घटना को लेकर स्थानीय लोगों में पुलिस के प्रति भारी नाराजगी देखने को मिली. पीड़ितों का गंभीर आरोप है कि घटना के बाद लगातार 4 घंटे तक सैकड़ों बार फोन करने के बाद भी पुलिस मौके पर नहीं पहुंची. अगर पुलिस समय पर आती तो दबंगों को मौके पर ही पकड़ा जा सकता था. बाद में अहियापुर थानाध्यक्ष शरत कुमार पुलिस बल के साथ पहुंचे.
पुलिस जांच में जुटी, सख्त कार्रवाई का आश्वासन
थानाध्यक्ष शरत कुमार ने बताया कि जमीन विवाद की सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की है. एक पक्ष पांच साल पहले जमीन खरीदने की बात कह रहा है, जबकि दूसरा पक्ष भी अपना दावा ठोक रहा है. पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
