मुजफ्फरपुर से प्रभात कुमार की रिपोर्ट की रिपोर्ट
Breaking News: मुजफ्फरपुर जिला के ब्रह्मपुरा स्थित प्रसाद हॉस्पिटल के आईसीयू में आग लगने से छह मरीजों की दर्दनाक मौत के बाद प्रशासनिक महकमा पूरी तरह हरकत में आ गया है.तिरहुत प्रमंडल के कमिश्नर गिरिवर दयाल सिंह ने प्रमंडल के सभी जिलों में संचालित निजी अस्पतालों, क्लीनिकों और नर्सिंग होम का व्यापक अग्नि सुरक्षा (फायर सेफ्टी) ऑडिट कराने का कड़ा निर्देश दिया है.
प्रमंडल के सभी डीएम और एसपी को पत्र जारी, 15 तक अल्टीमेटम
इस संबंध में तिरहुत प्रमंडलीय आयुक्त कार्यालय द्वारा प्रमंडल के सभी जिला पदाधिकारियों (डीएम), वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) मुजफ्फरपुर और प्रमंडल के अन्य सभी जिलों के पुलिस अधीक्षकों (एसपी) को आधिकारिक पत्र जारी किया गया है. कमिश्नर ने सभी संबंधित अधिकारियों को त्वरित गति से ऑडिट चलाकर इसकी विस्तृत जांच रिपोर्ट आगामी 15 जून 2026 तक अनिवार्य रूप से मुख्यालय को उपलब्ध कराने का सख्त अल्टीमेटम दिया है.
नक्शे और भवन निर्माण की वैधता की भी होगी बारीकी से जांच
- जारी गाइडलाइन के अनुसार, इस विशेष ऑडिट में केवल फायर सेफ्टी ही नहीं, बल्कि कई अन्य अहम और संवेदनशील बिंदुओं पर भी जांच का शिकंजा कसेगा:
- एंट्री-एग्जिट पॉइंट:अस्पतालों में आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए प्रवेश और निकास की समुचित व्यवस्था है या नहीं, इसकी जांच होगी.
- नक्शा और नियमों की वैधता:चिकित्सा संस्थान के भवन निर्माण की वैधता और क्या वह नगर निगम या सक्षम प्राधिकार से स्वीकृत नक्शे के अनुरूप बना है, इसकी बारीकी से स्क्रूटनी की जाएगी.
- सुरक्षामानक:वेंटिलेशन और अन्य जीवन रक्षक सुरक्षात्मक इंतजामों को परखा जाएगा.
