BRABU Muzaffarpur: बीआरए बिहार विश्वविद्यालय (BRABU) और महाविद्यालय व्यावसायिक पाठ्यक्रम कर्मचारी संघ की संयुक्त बैठक में कर्मचारियों की लंबित मांगों पर बड़ी सफलता मिली है . बुधवार को प्रक्षेत्रीय मंत्री राजीव रंजन की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में विश्वविद्यालय प्रशासन के साथ हुए समझौतों और लंबित मांगों पर विस्तार से चर्चा की गई .
Bihar University News: वेतन कटौती का पत्र स्थगित, मिलेगा पुराना वेतन
बैठक के दौरान प्रक्षेत्रीय मंत्री राजीव रंजन ने बताया कि उच्च वर्गीय सहायक और प्रशाखा पदाधिकारी को पहले की भांति ही वेतन का भुगतान किया जाएगा . इसके साथ ही कर्मचारियों के वेतन कटौती से संबंधित जारी पिछला आदेश तत्काल रोक दिया गया है, जिससे कर्मचारियों में खुशी की लहर है .
प्रोन्नति, अनुकंपा बहाली और नियमितीकरण पर मुहर
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि कर्मचारियों की प्रोन्नति (Promotion) की प्रक्रिया पूरी करने के लिए बहुत जल्द एक विशेष कमेटी का गठन किया जाएगा . इसके अलावा विश्वविद्यालय में अनुकंपा के आधार पर बहाली की प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी . सबसे अहम फैसला यह रहा कि उच्च न्यायालय का आदेश प्राप्त 65 दैनिक वेतन भोगियों और पात्र वोकेशनल कर्मियों के नियमितीकरण पर सहमति बन गई है .
दो दिनों के भीतर आधिकारिक अधिसूचना का आश्वासन
बैठक के अंत में वोकेशनल कर्मचारी संघ के सचिव उज्ज्वल कुमार ने मांग उठाई कि इस समझौते की आधिकारिक अधिसूचना जल्द से जल्द जारी की जाए . इस पर प्रक्षेत्रीय मंत्री ने दो दिनों के भीतर अधिसूचना भेजने का पूरा भरोसा दिया . इस बैठक में संघ के अध्यक्ष रवि शंकर और मीडिया प्रभारी मुकेश कुमार समेत कई सदस्य उपस्थित थे .
