Muzaffarpur News: बोचहा थाना क्षेत्र से स्कूल की छुट्टी के बाद गायब हुए आठवीं कक्षा के तीन छात्र बुधवार को सकुशल बरामद कर लिये गये. तीनों छात्रों की पहचान कार्तिक, वैभव और आदर्श के रूप में हुई है. ग्रामीणों की मदद से बच्चों को गरहां ओवरब्रिज के नीचे से बरामद किया गया. इसके बाद उन्हें बोचहा पुलिस के हवाले कर दिया गया.
स्कूल से अचानक गायब हो गये थे तीनों छात्र
मंगलवार को स्कूल की छुट्टी के बाद तीनों छात्र अपने घर नहीं पहुंचे थे. इसके बाद परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की. स्कूल प्रबंधन ने प्रशासन की अनुमति से बच्चों का वीडियो भी प्रसारित कराया, जिसके बाद उनकी तलाश में तेजी आयी.
वीडियो सामने आने के बाद स्कूल प्रबंधन को सूचना मिली कि तीनों बच्चों को बखरी स्थित एक होटल में खाना खाते हुए देखा गया है. इसके बाद स्कूल प्रबंधन और परिजनों ने अलग-अलग स्थानों पर उनकी तलाश शुरू कर दी.
गरहां ओवरब्रिज के नीचे से बरामद हुए बच्चे
तलाश के दौरान ग्रामीणों को तीनों बच्चों के गरहां ओवरब्रिज के नीचे होने की जानकारी मिली. ग्रामीणों ने वहां पहुंचकर तीनों को सकुशल पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी. इसके बाद बच्चों को बोचहा पुलिस के हवाले कर दिया गया. मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएसपी पूर्वी आलय वत्स ने भी पूरे मामले की जांच की.
अमृतसर जाने के लिए निकले थे तीनों
पुलिस के समक्ष पूछताछ में बच्चों ने बताया कि वे स्कूल से सीधे अमृतसर जाने के लिए निकले थे. सबसे पहले वे रेलवे स्टेशन पहुंचे और वहां से बरौनी जाने वाली ट्रेन पकड़ ली.
बरौनी पहुंचने के बाद तीनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया. एक बच्चा अमृतसर जाने के लिए तैयार नहीं था. इसके बाद तीनों बस से छपरा पहुंचे और वहां से बस पकड़कर मुजफ्फरपुर आ गये. मुजफ्फरपुर पहुंचने के बाद तीनों ने एक होटल में खाना खाया. इसी दौरान उनके होटल में देखे जाने की सूचना स्कूल प्रबंधन तक पहुंची.
वीडियो वायरल होने के बाद मिला सुराग
बच्चों की तलाश में स्कूल प्रबंधन और परिजनों ने लगातार प्रयास किया. प्रशासन की अनुमति से बच्चों का वीडियो प्रसारित किये जाने के बाद लोगों से मिली सूचनाओं के आधार पर पुलिस और परिजनों ने संभावित स्थानों पर खोजबीन तेज कर दी. इसी क्रम में तीनों बच्चों को गरहां ओवरब्रिज के नीचे से सकुशल बरामद कर लिया गया.
न्यायालय में कराया जायेगा बयान
थानाध्यक्ष यशवंत कुमार सिन्हा ने बताया कि तीनों बच्चे सकुशल बरामद हो गये हैं. बुधवार को न्यायालय में उनका बयान कराया जायेगा. इसके बाद आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर बच्चों को उनके परिजनों के हवाले किया जायेगा. तीनों बच्चों के सकुशल मिलने के बाद परिजनों, स्कूल प्रबंधन और पुलिस ने राहत की सांस ली है.
