Chain Snatching Gang:शहर में बाइक सवार चेन स्नेचरों का आतंक गहरा गया है.सोमवार को बेखौफ अपराधियों ने महज नौ घंटे के भीतर तीन अलग-अलग थाना क्षेत्रों में चेन स्नेचिंग की वारदातों को अंजाम देकर पुलिस को खुली चुनौती दे डाली.तीनों घटनाओं को बाइक सवार दो अपराधियों ने अंजाम दिया है.
पहली घटना: बच्चों के लिए केक खरीदकर लौट रही महिला बनी शिकार
पहली वारदात सुबह सात बजे नगर थाना क्षेत्र के केदारनाथ रोड में हुई.पीड़िता मुन्नी खातून अपने पोता-पोती के लिए दुकान से केक खरीदकर लौट रही थीं.गली में पहुंचते ही बाइक सवार दो अपराधियों ने झपट्टा मारकर उनके गले से डेढ़ भर की सोने की चेन छीन ली.इस दौरान चेन का लॉकेट नीचे गिर गया,जो महिला को बाद में मिला.
दूसरी घटना: पति के साथ लौट रही महिला से झपटी सोने की चेन
दूसरी वारदात दोपहर करीब चार बजे सिकंदरपुर थाना क्षेत्र के कृष्णा सिनेमा चौक के पास हुई.पंकज मार्केट निवासी महिला अपने पति के साथ बाइक से मार्केटिंग कर लौट रही थी.तभी पीछे से आए बाइक सवार बदमाशों ने उनके गले से करीब 15 ग्राम (डेढ़ भर) की सोने की चेन झपट ली और फरार हो गए.
तीसरी घटना: शाम को बाजार से लौट रही महिला से लूट
तीसरी घटना शाम सवा चार बजे मिठनपुरा थाना क्षेत्र के गौशाला और खादी भंडार चौक के समीप हुई.बाजार से घर लौट रही एक महिला को बाइक सवार अपराधियों ने निशाना बनाया और गले से सोने की चेन छीनकर चंपत हो गए.सूचना मिलते ही मिठनपुरा थानेदार अजय कुमार मौके पर पहुंचे.
एक ही गिरोह पर शक, सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
पुलिस को आशंका है कि तीनों वारदातों में एक ही गिरोह का हाथ है.पुलिस ने दस से अधिक दुकानों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले हैं.दो घटनाओं में बदमाशों की तस्वीरें फुटेज में कैद हुई हैं,जिनके आधार पर पुलिस उन्हें चिन्हित कर गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है.
ये भी पढ़ें: कलह ने छीनीं दो सांसें, पत्नी की मौत से टूटा पति, पहले खाया जहर, फिर फंदे से झूलकर दे दी अपनी कुर्बानी
