Sub Junior National Kurash Championship: द इंडियन कुराश एसोसिएशन के तत्वावधान में पंजाब के लुधियाना में 3 से 8 सितंबर तक आयोजित सब जूनियर नेशनल कुराश चैंपियनशिप में बिहार के खिलाड़ियों ने ऐतिहासिक प्रदर्शन किया है. राज्य के प्रतिभावान खिलाड़ियों ने अपने शानदार दांव-पेच और कड़े परिश्रम के दम पर कुल नौ पदक जीतकर प्रदेश का मान बढ़ाया है. इन पदकों में दो स्वर्ण पदक, दो रजत पदक और पांच कांस्य पदक शामिल हैं. इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में बिहार की टीम का नेतृत्व कोच अतुल स्वरूप कर रहे थे.
मुजफ्फरपुर के खिलाड़ियों ने जीते पांच पदक
इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में सबसे खास बात यह रही कि मुजफ्फरपुर जिले के खिलाड़ियों ने अकेले पांच पदकों पर कब्जा जमाया. मुजफ्फरपुर के खाते में एक स्वर्ण, एक रजत तथा तीन कांस्य पदक आए. पदक विजेताओं में अनस महताब ने 35 किलोग्राम भार वर्ग में असाधारण खेल दिखाते हुए स्वर्ण पदक जीता. वहीं अर्नव क्षेत्री ने 40 किलोग्राम भार वर्ग में रजत पदक पर कब्जा किया. इसके अलावा 50 किलोग्राम भार वर्ग में नवक्रीत पटेल, ग्रुप-3 के 40 किलोग्राम भार वर्ग में मो. साकिब सुल्तान अंसारी तथा 40 किलोग्राम भार वर्ग में समृद्धि श्रीवास्तव ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक हासिल किए.
कड़े चयन के बाद टीम में मिली थी जगह
बिहार कुराश संघ के सचिव प्रशांत कुमार ने बताया कि इस राष्ट्रीय चैंपियनशिप के लिए खिलाड़ियों का चयन अत्यंत पारदर्शी और प्रतिस्पर्धी प्रक्रिया के तहत हुआ था. विगत 2 अगस्त को जिला खेल भवन में आयोजित सब जूनियर स्टेट कुराश चैंपियनशिप के आधार पर राज्य सचिव प्रशांत तिवारी के नेतृत्व में राज्य टीम का गठन किया गया था. इस दल में विभिन्न आयु और भार वर्ग के कुल 34 चुनिंदा खिलाड़ी शामिल थे, जिनमें 21 बालक और 13 बालिका वर्ग के खिलाड़ी शामिल रहे.
गृह राज्य लौटने पर हुआ जोरदार स्वागत
पदक जीतकर वापस लौटे खिलाड़ियों का खेल प्रेमियों और संघ के पदाधिकारियों द्वारा गर्मजोशी से भव्य स्वागत किया गया. खिलाड़ियों की इस शानदार राष्ट्रीय उपलब्धि पर बिहार प्रदेश कुराश संघ के अध्यक्ष अजय निषाद, सचिव प्रशांत तिवारी, कोषाध्यक्ष प्रणव भूषण, मुजफ्फरपुर के जिला सचिव सौरभ और कोच अतुल स्वरूप ने सभी विजेता एथलीटों को बधाई व उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं. खेल संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि यह सफलता राज्य के अन्य युवा खिलाड़ियों को भी आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी.
यह भी पढ़ें...मोतीपुर में दिन दहाड़े पिस्टल के बल पर कलेक्शन एजेंट से नब्बे हजार रुपये , मोबाइल फोन और हनुमानी लूटा
