15,16,17,18 और 19 अगस्त को बारिश ही बारिश, मुजफ्फरपुर-दरभंगा समेत कई जिलों में बरसेंगे बादल

उत्तर बिहार में उमस भरी गर्मी के बीच बारिश को लेकर मौसम विभाग ने राहत का पूर्वानुमान जारी किया है. 15 से 19 अगस्त के बीच गोपालगंज, चंपारण, मुजफ्फरपुर, दरभंगा समेत कई जिलों में बारिश हो सकती है.

मुजफ्फरपुर वेदर: भीषण उमस और तीखी धूप से परेशान उत्तर बिहार के लोगों के लिए राहत की खबर है. मौसम विभाग के 15 से 19 अगस्त तक के पूर्वानुमान के अनुसार, इस दौरान उत्तर बिहार के कई जिलों में गरज के साथ बारिश होने की संभावना है. बारिश से तापमान में गिरावट आने और लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है.

मुजफ्फरपुर-दरभंगा समेत इन जिलों में होगी बारिश

पूर्वानुमान के अनुसार मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, बेगूसराय, मधुबनी और दरभंगा समेत आसपास के जिलों में 15 से 18 अगस्त के बीच एक-दो दिन गरज के साथ बारिश हो सकती है. हालांकि, इस अवधि में अधिकांश समय हल्के बादल छाए रहने के साथ मौसम साफ रहने का भी अनुमान है.

शुक्रवार को उत्तर बिहार के कई इलाकों में दिनभर तेज धूप और उमस ने लोगों को परेशान किया. मुजफ्फरपुर में अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.

गोपालगंज-चंपारण में कई जगह बारिश का अनुमान

गोपालगंज, सारण, सिवान, पूर्वी चंपारण और पश्चिमी चंपारण में 15 से 19 अगस्त के दौरान अनेक स्थानों पर हल्के से मध्यम बादल छाए रहने और गरज के साथ बारिश होने का अनुमान है.

इन जिलों में बारिश का दायरा अन्य क्षेत्रों की तुलना में अधिक रह सकता है. सिवान के कुछ इलाकों में 15 से 17 अगस्त के बीच भारी बारिश की संभावना जतायी गयी है. ऐसे में लोगों को मौसम को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी गयी है.

15 किमी प्रति घंटे तक चलेगी हवा

मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, अगले पांच दिनों में उत्तर बिहार में पूर्वी हवा चलने की संभावना है. हवा की गति करीब 5 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है. बादल और बारिश के कारण तापमान में भी उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है.

37 डिग्री तक पहुंच सकता है अधिकतम तापमान

आने वाले दिनों में उत्तर बिहार का अधिकतम तापमान 33 से 37 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है. वहीं न्यूनतम तापमान 26 से 29 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है.

गरज के साथ बारिश होने से कई जिलों में तापमान नीचे आने की उम्मीद है. इससे पिछले कई दिनों से उमस और गर्मी झेल रहे लोगों को कुछ राहत मिल सकती है. हालांकि, बारिश के बाद फिर से उमस बढ़ने की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा सकता.

यह भी पढे़ं: रील, मैसेज और फेक प्रोफाइल... मुजफ्फरपुर में इंस्टाग्राम से कैसे बढ़ रहा अपराध का जाल?


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By ललितांशु

ललितांशु, पत्रकारिता के क्षेत्र में बीते 16 वर्षों से सक्रिय ललितांशु के लिए 'पॉजिटिव खबरों' को चुनना और उन्हें समाज के सामने लाना प्राथमिकता और जुनून रहा है. रेल और सोशल मीडिया से जुड़ी खबरों से इनका अधिक जुड़ाव है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >