कुढ़नी सीएचसी की व्यवस्था सुधारने को लेकर डीएम सख्त: औचक निरीक्षण कर दिया सात दिनों का अल्टीमेटम

कुढ़नी सीएचसी में स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली पर डीएम कुमार गौरव सख्त. अस्पताल का औचक निरीक्षण कर सात दिनों में कमियां दूर करने का अल्टीमेटम जारी. जानें क्या है मामला.

मुजफ्फरपुर के कुढ़नी से अजय कुमार की रिपोर्ट

कुढ़नी सीएचसी निरीक्षण: प्रखंड क्षेत्र में लचर स्वास्थ्य सेवाओं को पटरी पर लाने और मरीजों को बेहतर चिकित्सकीय सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने बेहद कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है. जिलाधिकारी कुमार गौरव ने मंगलवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कुढ़नी का औचक निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान डीएम ने अस्पताल परिसर, ओपीडी, दवा वितरण काउंटर, आपातकालीन वार्ड, प्रसव कक्ष और ऑपरेशन थिएटर का गहन जायजा लिया. धरातल पर कई प्रकार की अव्यवस्था और खामियां उजागर होने के बाद उन्होंने अधिकारियों की जमकर क्लास लगाई और व्यवस्था दुरुस्त करने के कड़े निर्देश जारी किए.

मंत्री की शिकायत के बाद एक्शन में जिला प्रशासन

जिलाधिकारी ने बताया कि बीते दिनों स्थानीय विधायक सह पंचायती राज मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता ने कुढ़नी अस्पताल में फैली बदहाली, चिकित्सकों की अनियमितता और खराब स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर सीधे शिकायत दर्ज कराई थी. मंत्री की शिकायत के आलोक में पहले स्वास्थ्य विभाग की एक विशेष जांच टीम भेजी गई थी. इसके बाद जमीनी हकीकत की समीक्षा करने और व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए वे स्वयं अस्पताल पहुंचे.

सात दिनों में कमियां दूर करने का अल्टीमेटम

निरीक्षण के क्रम में अस्पताल परिसर में गंदगी, वार्डों में रखरखाव का अभाव और चिकित्सकीय सुविधाओं में कई गंभीर विसंगतियां सामने आईं. डीएम ने इसे प्रशासनिक विफलता करार देते हुए कड़े तेवर दिखाए:

  • अस्पताल के हेल्थ मैनेजर और चिकित्सा प्रभारी को सात दिनों का सख्त अल्टीमेटम दिया गया है.
  • परिसर की नियमित साफ-सफाई, शुद्ध पेयजल और मरीजों के बैठने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया.
  • एक सप्ताह के भीतर सभी चिह्नित कमियों को दूर नहीं करने पर संबंधित जिम्मेदारों पर विभागीय कार्रवाई की चेतावनी दी गई.

जल्द शुरू होगी सिजेरियन प्रसव की सुविधा

जिलाधिकारी ने क्षेत्रीय जनता को आश्वस्त करते हुए बताया कि अस्पताल में स्त्री रोग विशेषज्ञ और एनेस्थेटिस्ट की पदस्थापना पहले से है. फिलहाल एनेस्थेटिस्ट के अवकाश पर होने के कारण सर्जरी बाधित है. उनके कार्य पर लौटते ही अगले सात से दस दिनों के भीतर यहां वैकल्पिक सिजेरियन प्रसव (सी-सेक्शन) और नियमित ऑपरेशन की सुविधा बहाल कर दी जाएगी.

पब्लिक हेल्थ यूनिट होगी चालू, ग्रामीणों ने जताया आक्रोश

परिसर में नवनिर्मित ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट का निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका है. बीएमएसआईसीएल की टीम से समन्वय कर इसे शीघ्र चालू कराया जाएगा. निरीक्षण के दौरान भाजपा नेता शैलेश साह, विवेक कुमार गुड्डू, शंभू राय, रामस्वरूप सहनी, मनोज सिंह सहित कई ग्रामीणों ने डीएम के समक्ष अस्पताल की बदहाली पर भारी नाराजगी जताते हुए शीघ्र सुधार की मांग की.

ये भी पढ़ें: शादी समारोह में नाबालिग से दुष्कर्म: दिल्ली में जीरो एफआईआर के बाद सदर थाने में पॉक्सो एक्ट दर्ज

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By सुनील कुमार सिंह

सुनील कुमार सिंह प्रभात खबर मल्टीमीडिया में डिप्टी चीफ रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 20 वर्षों का समृद्ध अनुभव है। क्राइम और राजनीति से जुड़ी खबरों पर उनकी मजबूत पकड़ है। वे निष्पक्ष रिपोर्टिंग और गहन विश्लेषण के लिए जाने जाते हैं, जिससे पाठकों को सटीक और भरोसेमंद जानकारी मिलती है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >