बेतिया: पुलिस एक्शन मोड में, 22 अपराधियों को भेजा जेल, वाहन जांच में वसूला भारी जुर्माना

bettiah police special drive: पुलिस के विशेष अभियान के तहत 11 वारंटियों और 4 शराब तस्करों सहित 22 आरोपितों को गिरफ्तार किया गया. इस दौरान 614 लीटर अवैध शराब, ट्रैक्टर और बाइक जब्त की गई तथा वाहन जांच में 1.17 लाख रुपये जुर्माना वसूला गया. जानिए पूरी खबर…

बेतिया से अवध किशोर तिवारी की रिपोर्ट

bettiah police special drive: पश्चिम चंपारण जिले में अपराध नियंत्रण और विधि-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर पुलिस का विशेष अभियान लगातार जारी है. इसी क्रम में शनिवार को जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में चलाए गए ताबड़तोड़ छापेमारी अभियान के दौरान पुलिस ने अलग-अलग मामलों में 22 आरोपितों को गिरफ्तार किया है. इस बड़ी कार्रवाई से अपराधियों और अवैध धंधेबाजों में हड़कंप मच गया है.

11 वारंटी और 4 शराब तस्कर गिरफ्तार

पुलिस इंस्पेक्टर विश्व मोहन चौधरी ने इस विशेष अभियान की सफलता के बारे में विस्तार से जानकारी दी. उन्होंने बताया कि गिरफ्तार किए गए कुल आरोपितों में 11 कुख्यात वारंटी शामिल हैं, जो लंबे समय से पुलिस की नजरों से फरार चल रहे थे. इसके अलावा उत्पाद अधिनियम (शराबबंदी कानून) के तहत चार धंधेबाजों को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए नौ गैर-जमानती वारंटों का भी सफल निष्पादन किया है. सभी गिरफ्तार आरोपितों को आवश्यक कानूनी कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है.

614 लीटर से अधिक शराब, ट्रैक्टर और बाइक जब्त

पुलिस ने पिछले 24 घंटों के दौरान अवैध शराब के खिलाफ चलाए गए बड़े सर्च ऑपरेशन में भारी सफलता हासिल की है. टीम ने अलग-अलग ठिकानों से कुल 614 लीटर 580 मिलीलीटर अवैध शराब बरामद की है. शराब की इस खेप के साथ ही तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे एक ट्रैक्टर और एक मोटरसाइकिल को भी मौके से जब्त किया गया है.

सड़क सुरक्षा को लेकर भी चलाया अभियान

इसके साथ ही अपराध नियंत्रण और सड़क सुरक्षा को लेकर जिले में सघन वाहन जांच अभियान भी चलाया गया. इस दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले और बिना वैध दस्तावेजों के वाहन चला रहे चालकों पर सख्त कार्रवाई की गई. पुलिस ने विभिन्न गाड़ियों से कुल 1 लाख 17 हजार रुपये का जुर्माना वसूला है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अपराधियों पर अंकुश लगाने के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

सुनील कुमार सिंह प्रभात खबर मल्टीमीडिया में डिप्टी चीफ रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 20 वर्षों का समृद्ध अनुभव है। क्राइम और राजनीति से जुड़ी खबरों पर उनकी मजबूत पकड़ है। वे निष्पक्ष रिपोर्टिंग और गहन विश्लेषण के लिए जाने जाते हैं, जिससे पाठकों को सटीक और भरोसेमंद जानकारी मिलती है।

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >