बाबा गरीबनाथ महाशृंगार: सावन की दूसरी सोमवारी पर बाबा गरीबनाथ का विशेष महाशृंगार किया गया. इस अवसर पर बाबा को चावल से आकर्षक रूप दिया गया. महाशृंगार के दौरान गर्भगृह को श्रद्धालुओं के लिए बंद रखा गया. बाबा के दिव्य स्वरूप के दर्शन और प्रधान आरती में शामिल होने के लिए मंदिर परिसर में भक्तों की भीड़ जुटी रही.
पंचामृत से कराया गया बाबा को स्नान
रात्रि आठ बजे के बाद गर्भगृह बंद कर महाशृंगार की तैयारी शुरू की गयी. इससे पहले पुरोहितों ने बाबा की षोडशोपचार पूजा संपन्न करायी. बाबा को दही, दूध, गंगाजल, शक्कर और घी से स्नान कराया गया. इसके बाद विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गयी.
चावल से किया गया विशेष महाशृंगार
पूजा के बाद बाबा गरीबनाथ का चावल से महाशृंगार किया गया. सावन की दूसरी सोमवारी के विशेष अवसर पर हुए इस महाशृंगार को देखने के लिए श्रद्धालुओं में खास उत्साह रहा. गर्भगृह के बाहर भक्त बाबा के दर्शन के लिए इंतजार करते रहे और मंदिर परिसर हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजता रहा.
यह भी पढे़ं: सावन की दूसरी सोमवारी पर फूल-बेलपत्र व्यापारी हुए 'बम-बम', करीब तीन लाख रुपये का कारोबार
साढ़े नौ बजे हुई प्रधान आरती
महाशृंगार के बाद रात करीब साढ़े नौ बजे बाबा गरीबनाथ की प्रधान आरती हुई. इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे. भक्तों ने जयकारे लगाते हुए बाबा की आरती में हिस्सा लिया और सुख-समृद्धि व मंगलकामना की प्रार्थना की.
रात 10 बजे बंद हुआ गर्भगृह
प्रधान आरती के बाद रात करीब 10 बजे गर्भगृह बंद कर दिया गया. महाशृंगार और आरती के दौरान प्रधान पुजारी पं. विनय पाठक, बैजू पाठक समेत अन्य पुरोहित मौजूद रहे. सावन की दूसरी सोमवारी पर बाबा गरीबनाथ के विशेष शृंगार और आरती को लेकर मंदिर में देर रात तक भक्तिमय माहौल बना रहा.
यह भी पढे़ं: दूसरी सोमवारी: 1.4 लाख लीटर गंगाजल से बाबा गरीबनाथ का जलाभिषेक, डेढ़ टन बेलपत्र भी चढ़ा
