Muzaffarpur News: शहर के द्वारिका नगर ग्रिड से संचालित अख्तियारपुर पड़ेया सब स्टेशन के अंतर्गत आने वाले बलड़ा इस्माइल फीडर में खराबी के कारण सोमवार शाम से बिजली आपूर्ति पूरी तरह बाधित है. 20 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बावजूद बिजली बहाल नहीं होने से एक दर्जन से अधिक गांवों के लोग भीषण उमस और गर्मी में परेशान हैं.
यह भी पढ़ें: आलू की खेती से लाखों कमाना चाहते हैं? कृषि वैज्ञानिक ने बताए बंपर मुनाफे के आसान तरीके
इन गांवों में पूरी तरह ठप है बिजली
बिजली बाधित होने से हरपुर बलड़ा, बलड़ा किशुन, करमचंद बलड़ा, कमलपुरा, माधोपुर चिकनी सहित एक दर्जन से अधिक गांव प्रभावित हैं. लंबे समय तक बिजली नहीं रहने से लोगों का दैनिक जीवन प्रभावित हो गया है.
उमस भरे मौसम में बिजली गुल रहने से पेयजल, घरेलू कामकाज और अन्य आवश्यक सेवाओं पर भी असर पड़ा है.
आंधी-बारिश के बाद आई तकनीकी खराबी
विद्युत विभाग के कर्मियों के अनुसार, सोमवार शाम आई आंधी और बारिश के दौरान कई स्थानों पर 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन पर पेड़ों की टहनियां और बांस गिर गए. इससे फीडर में तकनीकी खराबी आ गई और बिजली आपूर्ति बाधित हो गई.
युद्धस्तर पर चल रहा मरम्मत कार्य
विद्युत कर्मियों ने बताया कि प्रभावित क्षेत्रों में युद्धस्तर पर मरम्मत का काम किया जा रहा है. लाइन से पेड़ और बांस हटाने के साथ तकनीकी खराबी दूर करने का प्रयास जारी है.
विभाग का कहना है कि मरम्मत कार्य पूरा होते ही प्रभावित गांवों में बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी.
यह भी पढ़ें: साहू पोखर से गरीबनाथ मंदिर तक बदलेगा पूरा इलाका, बाबा गरीबनाथ कॉरिडोर का मास्टर प्लान तैयार
