AK 47 Rifle: NIA की टीम ने AK-47 बरामदगी के केस में दो साल से फरार चल रहे हथियार तस्कर कुख्यात भैरव त्रिपाठी उर्फ मास्टर को ब्रह्मपुरा थाना क्षेत्र के राहुल नगर इलाके से दबोच लिया है. एनआइए ने यह कार्रवाई एसटीएफ व ब्रह्मपुरा पुलिस के सहयोग से की है. पकड़ा गया शातिर भैरव त्रिपाठी मूल रूप से साहेबगंज थाना क्षेत्र के अहियापुर गांव के वार्ड नंबर -07 का रहने वाला है. हालांकि, उसका ब्रह्मपुरा थाना क्षेत्र के राहुल नगर रोड नंबर तीन में भी मकान बना रखा है, जहां से वह आर्म्स व कारतूस सप्लाई के नेटवर्क का संचालन कर रहा था. एसटीएफ किे अधिकारियों ने भैरव त्रिपाठी से पूछताछ करने के बाद उसको एनआइए के हवाले कर दिया है.
NIA action: स्टेशन रोड से बरामद हुआ था एके - 47 का बट व लेंस
बिहार एसटीएफ व डीआइयू की टीम ने सात मई 2024 को स्टेशन रोड में छापेमारी की थी. वहां जैतपुर थाना के पोखरैरा के विकास कुमार और वैशाली जिला के अंजानपीर वार्ड नंबर चार के सत्यम कुमार को एके- 47 राइफल के बट व लेंस के साथ गिरफ्तार किया था. विकास से पूछताछ की गयी थी तो उसने बताया कि कुढ़नी प्रखंड के फकुली थाना मनकौली के देवमणि राय उर्फ अनीश ने रखने के लिए दिया है. दोनों के निशानदेही पर फकुली थाना के ढोढ़ी पुल के पास आये और देवमणि राय उर्फ अनीश के घर पर छापेमारी की गयी. उसको गिरफ्तार कर एके 47 के बारे में पूछताछ की गयी थी. फिर, उसने बताया कि मनकौली रोड स्थित मरघटिया के पास पुल के नीचे छिपाकर रखे हुआ है. वहां से एके - 47 बरामद किया गया. फिर उसके बट व लेंस को लगाया गया तो उसी हथियार का था.
NIA arrest Bhairav Tripathi: एनआइए ने पांच अगस्त 2024 को दर्ज किया था मामला
एके 47 बरामदगी के मामले में एनआइए ने पांच अगस्त 2024 को मामला दर्ज किया था. इसमें फकुली थाना में जिला पुलिस की ओर से दर्ज करायी गयी प्राथमिकी को आधार बनाया था. कांड के चारों अभियुक्त विकास कुमार, सत्यम कुमार, देवमणि राय और गोपालगंज के अहमद अंसारी के खिलाफ एनआइए की जांच फिलहाल जारी है.:
मामले में अब तक चार चार्जशीट दाखिल
एनआइए इस पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश करने के लिए लगातार कार्रवाई कर रही है. जांच के दौरान एजेंसी अब तक तीन पूरक चार्जशीट (सप्लीमेंट्री चार्जशीट) अदालत में दाखिल कर चुकी है:
- पहली चार्जशीट (8 मई 2025): एनआइए ने आर्म्स तस्कर विकास कुमार, सत्यम कुमार, देवमणि राय और अहमद अंसारी के खिलाफ आइपीसी और यूएपीए (यूएवी एक्ट) की धाराओं के तहत पहली पूरक चार्जशीट दाखिल की थी.
- दूसरी चार्जशीट (20 फरवरी 2026): आरोपी मंजूर खान के खिलाफ आर्म्स एक्ट और यूएपीए की धाराओं के तहत चार्जशीट पेश की गई.
- तीसरी चार्जशीट (15 अप्रैल 2026): आरोपी कुंदन कुमार उर्फ कुंदन भगत के खिलाफ तीसरी पूरक चार्जशीट दाखिल की गई.
चार माह पहले भी हथियार के साथ गया था जेल
शातिर भैरव त्रिपाठी का आपराधिक इतिहास काफी लंबा रहा है. चार अप्रैल 2026 को ब्रह्मपुरा थाना पुलिस ने राहुल नगर इलाके में छापेमारी कर उसे अवैध हथियार और गोलियों के साथ रंगे हाथ गिरफ्तार कर जेल भेजा था. वहीं, बिहार एसटीएफ की टीम ने ही भैरव त्रिपाठी को 25 मार्च 2025 को सारण जिले के भेल्दी से 7.65 एमएम की 80 कारतूस , 9 एमएम की 15 जिंदा गोली और 1.70 लाख नकदी के साथ गिरफ्तार किया था.
