Muzaffarpur News: गायघाट थाना क्षेत्र के मैठी टोल प्लाजा के समीप उत्पाद विभाग की टीम ने राजस्थान नंबर के एक कंटेनर ट्रक से करीब 50 लाख रुपये की विदेशी शराब बरामद की है. कार्रवाई के दौरान कंटेनर के चालक और खलासी को गिरफ्तार किया गया है. उत्पाद विभाग की टीम दोनों से पूछताछ कर स्थानीय धंधेबाजों और शराब के मुख्य सिंडिकेट के बारे में जानकारी जुटा रही है.
गुप्त सूचना पर मैठी टोल प्लाजा में नाकेबंदी
उत्पाद इंस्पेक्टर प्रकाश कुमार ने बताया कि टीम को सूचना मिली थी कि दरभंगा की ओर से राजस्थान नंबर का एक कंटेनर मुजफ्फरपुर आ रहा है. कंटेनर में खाली सब्जी की ट्रॉलियों के पीछे भारी मात्रा में विदेशी शराब छिपाकर लाये जाने की जानकारी मिली थी. सूचना के बाद इंस्पेक्टर के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया और मैठी टोल प्लाजा पर वाहनों की जांच शुरू की गयी.
कंटेनर चालक ने अधिकारियों को गुमराह करने की कोशिश की
जांच के दौरान दरभंगा की ओर से आ रहे संदिग्ध कंटेनर को उत्पाद टीम ने रोक लिया. पूछताछ के दौरान चालक ने अधिकारियों को गुमराह करने का प्रयास किया. हालांकि, उत्पाद टीम को संदेह होने पर कंटेनर के अंदर और पिछले हिस्से की गहन तलाशी शुरू की गयी.
खाली सब्जी ट्रॉलियों के पीछे छिपी थी शराब
तलाशी के दौरान कंटेनर के पिछले हिस्से में खाली सब्जी ट्रॉलियों के पीछे विदेशी शराब की सैकड़ों पेटियां बरामद हुईं. शराब को इस तरह छिपाकर रखा गया था कि सामान्य जांच में वह आसानी से नजर नहीं आये. उत्पाद विभाग ने शराब को जब्त कर कंटेनर को भी कब्जे में ले लिया.
चालक और खलासी गिरफ्तार, पूछताछ जारी
कार्रवाई के दौरान कंटेनर के चालक और खलासी को गिरफ्तार कर लिया गया. उत्पाद विभाग अब दोनों से पूछताछ कर शराब की खेप के स्रोत और उसके संभावित गंतव्य की जानकारी जुटा रहा है. साथ ही मुजफ्फरपुर और आसपास के इलाकों में सक्रिय स्थानीय धंधेबाजों के बारे में भी सुराग तलाशे जा रहे हैं.
मुख्य सिंडिकेट तक पहुंचने की कोशिश
उत्पाद विभाग की जांच का फोकस शराब की इतनी बड़ी खेप के पीछे सक्रिय नेटवर्क का पता लगाने पर है. अधिकारियों के अनुसार, गिरफ्तार चालक और खलासी से पूछताछ के आधार पर स्थानीय तस्करों और मुख्य सिंडिकेट तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है. मामले में आगे की कार्रवाई जारी है.
यह भी पढ़ें: चीनी मिलें खुलने से पहले गन्ने का भाव तय करने की मांग, 650 रुपये क्विंटल के लिए किसानों का धरना
