मुजफ्फरपुर : दिवाली से पहले इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉरपोरेशन लिमिटेड (आईआरसीटीसी) ने माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए जाने वाले मुजफ्फरपुर सहित उत्तर बिहार के यात्रियों को बड़ा तोहफा दिया है. आईआरसीटीसी के क्षेत्रीय प्रबंधक राजेश कुमार ने गुरुवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि माता वैष्णो देवी की दर्शन यात्रा के लिए सहरसा से कटरा के बीच विशेष आस्था सर्किट स्पेशल ट्रेन चलायी जा रही है. यह ट्रेन 15 अक्तूबर को मुजफ्फरपुर के रास्ते जायेगी.
पहली बार कोई आस्था सर्किट ट्रेन सहरसा से खुल रही है. विशेष ट्रेन 15 अक्टूबर को सहरसा रेलवे स्टेशन से कटरा के लिए खुलेगी. यह खगड़िया, बरौनी, समस्तीपुर, दरभंगा, मुजफ्फरपुर, पाटलिपुत्र, बक्सर और उत्तर प्रदेश के पं दीनदयाल उपाध्याय स्टेशन होते हुए कटरा स्टेशन जायेगी. मौके पर वरीय प्रवेक्षक संजीव कुमार, एरिया ऑफिसर सुनील कुमार थे. माता वैष्णों देवी दर्शन यात्रा सात रात व आठ दिनों की होगी. माता वैष्णो देवी का दर्शन करने के बाद हरिद्वार के हरकी पौड़ी में गंगा आरती और राम-लक्ष्मण झूला समेत अन्य स्थानों का भ्रमण कराते हुए यह ट्रेन 22 अक्टूबर को वापस सहरसा स्टेशन पहुंचेगी.
प्रति यात्री 7551 रुपये किराया लगेगा. इस यात्रा में पर्यटकों को शयनयान श्रेणी की सीटें उपलब्ध होंगी. यात्रा के दौरान शाकाहारी भोजन, बस और ठहरने के लिए धर्मशाला समेत अन्य सुविधा प्रदान की जायेगी. इस यात्रा के लिए आईआरसीटीसीटूरिज्म डॉट कॉम या अधिकृत एजेंट से अपना टिकट बुकिंग कराया जा सकता है. इसके अलावा हेल्पलाइन नंबर 9771440031 पर भी संपर्क किया जा सकता है.
क्षेत्रीय प्रबंधक ने बताया कि एक टिकट पर अगर 10 व उससे अधिक व्यक्ति का यात्रा के लिए टिकट बुक होता है, तो प्रति व्यक्ति 250-300 रुपये के बीच आईआरसीटीसी की ओर से विशेष छूट दी जायेगी. ऑनलाइन टिकट बुकिंग पर यह लाभ नहीं मिलेगा. इस तरह का लाभ लेने के लिए आईसीटीसी के ऑफिस या अधिकृत टिकट बुकिंग काउंटर से संपर्क करना होगा.
