मुजफ्फरपुर : परीक्षा नहीं होने से नाराज छात्रों ने रविवार को नीतीश्वर आयुर्वेद काॅलेज में जमकर हंगामा किया. छात्रों ने काॅलेज के निदेशक बसंत सिंह की बीएमडब्लू गाड़ी के शीशे तोड़ डाले और रोड़ेबाजी की. छात्रों का कहना था कि काॅलेज प्रशासन विवि पर परीक्षा कराने के लिए दवाब डाले.
शैक्षिक सत्र 2016-17-17-18 के छात्र रविवार को सुबह करीब साढ़े 11 बजे काॅलेज पहुंचे और वहां गेट पर नारेबाजी शुरू कर दी. छात्रों के काॅलेज पहुंचते ही गेट पर मौजूद गार्ड ने गेट को बंद करने की कोशिश की. इस पर छात्रों ने गार्ड से धक्का मुक्की शुरू कर दी. छात्र गेट पर नारेबाजी करने लगे. तभी काॅलेज के निदेशक बसंत सिंह की गाड़ी वहां पहुंची. निदेशक ने बताया कि छात्रों को देख उन्होंने गाड़ी का शीशा खोल छात्रों से बात करने की कोशिश की.
लेकिन, छात्र हंगामा करने लगे. छात्रों का कहना था कि काॅलेज विवि पर परीक्षा के लिए दबाव डाले, लेकिन इसमें काॅलेज क्या कर सकता है. परीक्षा लेना विश्वविद्यालय का काम है. इसके बाद मैं किसी तरह गाड़ी लेकर अंदर गया. गाड़ी के आगे बढ़ते ही छात्रों ने पीछे से रोड़ेबाजी शुरू कर दी. रोड़ेबाजी में गाड़ी का शीशा टूट गया. इसके बाद छात्र वहां से भाग निकले. काॅलेज प्रबंधन सोमवार को छात्रों के अभिभावकों को बुलाकर इस बारे में बात करेगी.
