मुजफ्फरपुर : बालिका गृहकांड में आरोपित मधु व अश्विनी की रिमांड बढ़ाने के सीबीआई के आवेदन को स्वीकार करते हुए कोर्ट ने चार दिन की अवधि बढ़ा दी.
इससे पहले पांच दिनों तक रिमांड पर रखकर सीबीआई की टीम दोनों से पूछताछ कर चुकी है. इस दौरान कोर्ट ने सीबीआई अधिकारियों को निर्देश दिया कि महिला पुलिसकर्मी की मौजूदगी में ही मधु से पूछताछ की जाये. सीबीआई ने पांच दिनों की रिमांड की अवधि पूरी होने के बाद सोमवार को ब्रजेश ठाकुर की राजदार मधु उर्फ शाईस्ता परवीन व झोलाछाप डाॅक्टर अश्विनी कुमार को विशेष पाक्सो कोर्ट में पेश करते हुए पूछताछ के लिये सात दिन की और रिमांड के लिए आवेदन दिया था.
पेशी के दौरान न्यायालय ने कहा कि आपकी मां के तरफ से आवेदन आया है कि सीबीआई आपको पूछताछ के दौरान प्रताड़ित करती है. आपको क्या कहना है. इस पर मधु ने कहा कि मुझे मानसिक रूप से सीबीआई प्रताड़ित कर रही है. एक ही सवाल बार-बार पूछा जाता है. मधु के वकील प्रियरंजन उर्फ अन्नू ने कोर्ट में कहा कि पुरुष पदाधिकारी अकेले में इनसे पूछताछ करते है.
मधु-अश्विनी ने उगले राज, तेज हुई जांच
सीबीआई ने बालिका गृह के मुख्य आरोपित ब्रजेश ठाकुर की राजदार मधु और बालिकाओं को नशे की सूई देने के आरोपित झोलाझाप डॉक्टर अश्विनी से पूछताछ में मिले अहम सुराग के बाद छानबीन तेज कर दी है.
सूत्रों के अनुसार पांच दिनों की रिमांड के दौरान दोनों से सीबीआई को कई अहम जानकारियां मिली हैं. इसके बाद ही सोमवार को सीबीआई की टीम फिर से बालिका गृह पहुंची. टीम में इंस्पेक्टर रौनक के साथ ही महिला अधिकारी भी थी. अधिकारियों ने बालिका गृह में चल रहे मिनी ऑपरेशन थियेटर में जरूरी सबूतों की तलाश की. इसके बाद ब्रजेश ठाकुर के होटल राज पैलेस में भी सीबीआई टीम पहुंची.
