मुजफ्फरपुर : बीआरए बिहार विश्वविद्यालय के दूरस्थ शिक्षा निदेशालय से एमफिल कर रहे छात्र-छात्राअों का धैर्य शनिवार को जवाब दे गया. हाईकोर्ट व राजभवन के आदेश के बाद भी परीक्षा को लेकर कोई सुगबुगाहट नहीं होने से नाराज छात्र-छात्राओं ने सीनेट हाॅल से लेकर कुलपति आवास तक हंगामा किया. सीनेट हाॅल में कुलसचिव के साथ छात्रों की बहस हो गयी, तो कुलपति आवास पर कर्मचारियों के साथ धक्का-मुक्की कर अंदर घुस गये. हालांकि, तीसरे राउंड में शाम को हुई वार्ता के दौरान भी कोई नतीजा नहीं निकल सका. छात्रों ने बताया कि सिर्फ आश्वासन देकर उन्हें लौटा दिया गया.
राजभवन से रेगुलेशन की मंजूरी नहीं होने के कारण तीन साल से एमफिल की परीक्षा पर रोक लगा दी गयी है. तीन जुलाई को हाईकोर्ट ने विश्वविद्यालय को परीक्षा कराने का आदेश दे दिया है. अबतक कोई निर्णय नहीं हो सका है, जबकि छात्र कुलपति व कुलसचिव से मिलकर परीक्षा की गुहार लगाते रहे.
सीनेट हॉल में शनिवार की सुबह प्राचार्यों की मीटिंग थी, इसी दौरान दर्जनों छात्र वहां पहुंच गये. छात्रों ने अधिकारियों के साथ ही प्राचार्याें को भी अंदर जाने से रोक दिया. गेट पर बैठक कर नारेबाजी करने लगे. इस दौरान कुलसचिव के साथ बहस भी हुई. वहां से निकलने के बाद छात्र कुलपति के अावास पर पहुंचे.
घंटों इंतजार के बाद भी मुलाकात नहीं हुई, तो दोपहर करीब एक बजे गेट पर तैनात कर्मचारियों को धक्का देते हुए अंदर घुस गये और कुलपति व विवि प्रशासन के विरोध में नारेबाजी शुरू कर दी. शोर-शराबे के बीच कुलपति डॉ अमरेंद्र नारायण यादव छात्रों से मिले और परीक्षा बोर्ड की बैठक के बाद शाम तक आने को कहा. मौके पर गुंजन कुमार, सुमित बाजपेयी, अजय, सोनी कुमारी, बबीता, सविता, कंचन, अमरेंद्र कुमार, निर्मल कुमार, अनिल राज, प्रियंका कुमारी मौजूद थीं.
कल तक भरा जायेगा पीजी का परीक्षा फॉर्म: विवि ने पीजी सत्र 2016-18 के सेकेंड सेमेस्टर का परीक्षा फॉर्म भरने के लिये 29 अक्तूबर तक का समय दिया है. पहले 27 अक्तूबर तक ही फॉर्म भरना था, लेकिन रिजल्ट में गड़बड़ी के कारण समय बढ़ाया गया. परीक्षा नियंत्रक डॉ ओपी रमण ने जानकारी दी.
