मुजफ्फरपुर : केंद्रीय राज्य मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि गुजरात में बिहारियों पर हुए हमले के पीछे कांग्रेस का हाथ है. राहुल गांधी के इशारे पर बिहारियों को परेशान करने के लिए सुनियोजित साजिश किया गया है. इसका प्रमाण यही है अल्पेश ठाकौर के बयान पर कांग्रेस अध्यक्ष चुप्पी साधे हुए है.वे गुरुवार को नवरात्र के अवसर पर गिरिराज सिंह फैंस क्लब की ओर से आयोजित फलाहार कार्यक्रम में शिरकत करने आये थे.
इमली चट्टी स्थित होटल कौटल्या में आयोजित कार्यक्रम के पूर्व मीडिया को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री ने गुजरात की घटना के लिए कांग्रेस अध्यक्ष को दोषी बताते हुए कहा कि वे 2019 की चुनावी नैया पार लगाने के लिए जातीयता व क्षेत्रवाद का सहारा ले रहे हैं. लेकिन उन्हें पता होना चाहिए कि जनता सजग है. उनके गलत प्रयास को सफल होने नहीं देगी. उन्होंने कहा कि इससे पहले भी मुंबई में राज ठाकरे ने इसी तरह का घिनौना खेल किया था. उसके पीछे भी कांग्रेस का हाथ था.
गुजरात में बीजेपी के सरकार होने के बाद दोषी की गिरफ्तारी में देर होने के सवाल पर
कहा कि सरकार गंभीर है. अल्पेश ठाकुर भी नहीं बच पायेंगे. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की गुजरात के सीएम से बात हुई है. बिहार के लोगों की सुरक्षा का पुख्ता इंतजाम होगा. इस अवसर पर बोचहां विधायक बेबी कुमारी,
पूर्व विधायक वीणा देवी,कृष्ण कुमार सिंह, डॉ अशोक शर्मा, देवांशु किशोर, अधिवक्ता राजीव कुमार, नीरज नयन, रालोसपा नेता पंकज मिश्रा, चंदन कुमार,रंजन साहू , मंटू राणा, दिनेश झा, सिद्धार्थ सिंह, तृप्ति सिंह समेत भाजपा के अन्य नेता उपस्थित थे.
लाली चुनरिया शोभे हो, शोभे लाली टिकुलिया
गिरिराज सिंह फैंस क्लब द्वारा आयोजित फलाहार कार्यक्रम में लोकगायिका डॉ नीतू कुमारी नवगीत ने देवी भजनों की प्रस्तुति कर लोगों को खूब झूमाया. लाली चुनरिया शोभे हो, पावन लागे लाली चुनरिया, झिझिया गीत ,झुला लागल बा निमिया के डार, जय जय भैरवी, गणेश वन्दना, झुलेली झुलनवा माई के, झुला लागेला, गंगा मईया …माँगिला हम वरदान हे गंगा मईया सहित अनेक गीत पेश कर समां बांध दिया.
