सरैया : थाना क्षेत्र के लालपुरा गांव में मंगलवार की दोपहर भूमि विवाद में दो गुटों के बीच जमकर मारपीट हुई. इसमें एक महिला की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी, जबकि दूसरे घायल की मौत इलाज के दौरान मुजफ्फरपुर के एक निजी अस्पताल में हो गयी. वहीं, दोनों गुटों से करीब एक दर्जन गंभीर रूप से घायल हो गये.
घायलों को स्थानीय सीएचसी में भर्ती कराया गया. यहां से कुछ घायलों को डॉक्टरों ने मेडिकल रेफर कर दिया. घटना की सूचना पर पहुंची सरैया पुलिस ने दो महिला सहित चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है. घटना के बाद से गांव में तनाव है.
घटना के संबंध में बताया गया कि लालपुरा गांव में स्थानीय सरपंच सुरेश राम व उपेंद्र राम के बीच जमीन को लेकर विवाद चल रहा था. मामले में 28 सितंबर को दोनों गुटों में झड़प होने पर देर रात दोनों पक्ष ने आवेदन दिया था. लेकिन, सरैया पुलिस ने सरपंच सुरेश राम के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर ली. इसके बाद दोनों गुट के लोगों को समझा बुझाकर मामला शांत करा दिया.
आपसी विवाद व जमीन पर कब्जा करने को लेकर मंगलवार की दोपहर विवादित स्थल पर दोनों गुटों के बीच मारपीट होने लगी. मारपीट के दौरान सरपंच सुरेश राम के पक्ष के लोगों ने दूसरे पक्ष के विश्वनाथ राम की पत्नी सरस्वती देवी (35) की हत्या गले में रस्सी बांध कर कर दी. वहीं, विशेश्वर राम के भाई संजय राम के पुत्र व सरैया प्रखंड के मड़वापाकड़ पंचायत के विकास मित्र अजय कुमार मारपीट में गंभीर रूप से जख्मी हो गये.
जख्मी अजय को परिजन सीएचसी लाये, जहां प्राथमिक उपचार के बाद एसकेएमसीएच भेज दिया. लेकिन, परिजन अजय को मुजफ्फरपुर के एक निजी अस्पताल ले गये, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी. घटना की सूचना पर पहुंचे थाना प्रभारी शंभु शरण गुप्ता ने सरपंच सुरेश राम की बहन उषा देवी, सविता देवी, सोनू कुमार व मोनू कुमार को हिरासत में ले लिया. थानाध्यक्ष शंभु शरण गुप्ता ने चार लोगों को हिरासत में लिए जाने की पुष्टि की है.उन्होंने बताया कि अभी तक कोई आवेदन नहीं दिया गया है. आवेदन मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर मामले में कार्रवाई की जायेगी.
