मुजफ्फरपुर : शहर के पूर्व मेयर समीर कुमार की रविवार की शाम एके-47 से जघन्य हत्या से निगमकर्मियों में काफी आक्रोश है. इसके विरोध में सोमवार को निगमकर्मियों ने प्रशासनिक कामकाज ठप रखा. शहर के कई इलाकों में सफाई का काम नहीं हुआ. मेयर व डिप्टी मेयर को पटना में आयोजित ओडीएफ व स्वच्छता के कार्यशाला में जाना था, लेकिन वे लोग नहीं गये.
इससे पहले मेयर सुरेश कुमार की अध्यक्षता में शोकसभा की गयी. इसमें दो मिनट का मौन रख कर सभी ने समीर कुमार की आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की. मेयर सुरेश कुमार ने कहा कि जिस तरह सरेशाम कार को आगे से घेर कर गोलियों की बौछार कर हत्या की गयी है, यह पुलिस व प्रशासनिक विफलता को दिखा रहा है.
मेयर ने घोषणा की कि जब तक पुलिस-प्रशासन हत्या में शामिल साजिशकर्ता व शूटर को गिरफ्तार नहीं करता, तबतक उनके साथ निगम के तमाम पार्षद व कर्मचारी काला बिल्ला लगा काम करेंगे. मेयर ने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर राज्य व देशस्तर पर आंदोलन किया जायेगा. इस तरह की खुलेआम वारदात से शहर के लोगों में दहशत है. शहर में शांति-व्यवस्था कायम करने में स्थानीय पुलिस-प्रशासन पूरी तरह फेल है. अगर अपराधियों के विरुद्ध सख्ती से कार्रवाई की जाती, तो उनमें इस तरह किसी की हत्या करने की हिम्मत नहीं होती.
