कटरा : पीपा पुल के निकट सोमवार की दोपहर में बागमती नदी में जल भरने पहुंचे दहिला प्रयागबारी के दो युवक डूब गये. देर शाम तक उनका शव नहीं मिल सका था. हालांकि स्थानीय गोताखोरों ने खोजने का पूरा प्रयास किया. इधर, दोनों युवकों के घर में कोहराम मच गया है. परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है.
बताया जाता है कि दोपहर में शिवालय में जलाभिषेक करने के लिए दोनों युवक नदी के तट पर जल भर रहे थे. हर साल यहां पर अंतिम सोमवार के अवसर पर हजारों लोग जल भरने आते हैं. दोनों युवक जैसे ही नदी में जल भरने उतरे तो पैर फिसल गया. नदी के तेज धार में बह गये. दोनों युवकों की पहचान सुबोध साह का 22 वर्षीय पुत्र दिलीप साह व गणेश सहनी के पुत्र अजय कुमार(20) के रूप में हुई है. स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना प्रशासन को दी.
लोगों ने बताया कि सूचना देने के कई घंटे बाद प्रशासन के लोग मौके पर पहुंचे. अगर गोताखोर समय पर पहुंचते तो दोनों को बचाया जा सकता था. घटनास्थल पर पहुंचे सीओ ललित कुमार पहुंचे. गाड़ी से उतर कर वे जायजा ले रहे थे. तभी कुछ आक्रोशित लोगों ने उनकी गाड़ी का शीशा तोड़ दिया. सीओ ने बताया कि नदी में युवकों को खोजने का प्रयास जारी है.
