10 साल व्हीलचेयर पर रहते हुए प्रत्युष ने पास की BPSC, 7 साल की मेहनत के बाद बने अधिकारी

मुजफ्फरपुर के प्रत्युष प्रभाकर ने स्पाइनल मस्कुलर एट्रॉफी जैसी गंभीर बीमारी से जूझते हुए, 7 साल की अथक मेहनत के बाद बिहार प्रशासनिक सेवा में सफलता हासिल की है. व्हीलचेयर पर निर्भर रहने के बावजूद, उन्होंने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति से यह मुकाम हासिल किया.

सक्सेस स्टोरी: मुजफ्फरपुर के प्रत्युष प्रभाकर ने साबित कर दिया कि मंजिल तक पहुंचने के लिए शरीर से ज्यादा मजबूत इरादा जरूरी होता है. स्पाइनल मस्कुलर एट्रॉफी टाइप-3 जैसी गंभीर बीमारी से जूझते हुए पिछले करीब 10 वर्षों से व्हीलचेयर पर निर्भर प्रत्युष ने चौथे प्रयास में बिहार प्रशासनिक सेवा में जगह बनाई है. 1098वीं रैंक हासिल कर उनका चयन वरीय उप समाहर्ता के पद पर हुआ है. फिलहाल वे गया स्थित बिपार्ड में प्रशिक्षण ले रहे हैं.

सात साल की मेहनत के बाद मिली सफलता

प्रत्युष के लिए प्रशासनिक सेवा तक पहुंचने का सफर आसान नहीं रहा. करीब सात वर्षों तक उन्होंने लगातार तैयारी की. शुरुआती तीन प्रयासों में सफलता नहीं मिली. 66वीं बीपीएससी में वे इंटरव्यू तक पहुंचे, लेकिन अंतिम मेरिट में महज पांच अंकों से जगह नहीं बना सके. इसके बावजूद उन्होंने तैयारी जारी रखी और चौथे प्रयास में अपना सपना पूरा कर लिया.

बीमारी बढ़ती रही, लेकिन तैयारी नहीं रुकी

प्रत्युष को स्पाइनल मस्कुलर एट्रॉफी टाइप-3 है. इसमें समय के साथ मांसपेशियों की ताकत कम होती जाती है. साल 2016 से उन्हें व्हीलचेयर का सहारा लेना पड़ रहा है. रोजमर्रा के कई कामों के लिए उन्हें दूसरों की मदद लेनी पड़ती है. इसके बावजूद उन्होंने अपनी शारीरिक चुनौती को पढ़ाई के रास्ते में बाधा नहीं बनने दिया.

उनकी तैयारी मुख्य रूप से सेल्फ स्टडी पर आधारित रही. ज्यादातर समय घर से ही पढ़ाई करते हुए उन्होंने प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी की. अब प्रशासनिक अधिकारी के रूप में वे दिव्यांग लोगों के लिए व्यवस्था को और अधिक सुलभ बनाने की इच्छा रखते हैं.

मुजफ्फरपुर से पीएचडी तक की पढ़ाई

प्रत्युष ने अपनी शुरुआती शिक्षा से लेकर पीएचडी तक की पढ़ाई मुजफ्फरपुर में ही पूरी की. उन्होंने सेंट जेवियर्स जूनियर सीनियर स्कूल से 10वीं और 12वीं की पढ़ाई की. इसके बाद एलएस कॉलेज से राजनीति विज्ञान में स्नातक और बीआरए बिहार विश्वविद्यालय से एमए किया. उच्च शिक्षा के दौरान उन्होंने यूजीसी नेट-जेआरएफ भी क्वालीफाई किया. पीएचडी के दौरान यूजीसी फेलोशिप और एसआरएफ के रूप में भी काम किया. मई 2024 में उन्हें बिहार विश्वविद्यालय से पीएचडी की डिग्री मिली.

पिता हर कदम पर बने बेटे का सहारा

प्रत्युष की सफलता में उनके पिता संजय की भूमिका बेहद अहम रही. स्कूल की पढ़ाई से लेकर प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी और अब बिपार्ड की ट्रेनिंग तक पिता लगातार उनके साथ खड़े हैं. व्हीलचेयर पर बैठाने-उठाने से लेकर आने-जाने तक वे बेटे की मदद करते हैं.

गया में चल रही ट्रेनिंग के दौरान भी संजय उनके साथ असिस्टेंट के तौर पर रह रहे हैं. बेटे की सफलता पर उन्होंने कहा कि माता-पिता का काम बच्चे को सपोर्ट सिस्टम देना है, असली मेहनत बच्चे को ही करनी होती है. जब उनसे पूछा गया कि क्या वे आगे भी इसी तरह बेटे का साथ देते रहेंगे, तो उन्होंने कहा, “बिल्कुल, जब तक जीवन है तो ये हमारी जवाबदेही है.”

प्रत्युष की कहानी सिर्फ एक प्रतियोगी परीक्षा में सफलता की कहानी नहीं है. यह उस जिद और हौसले की कहानी है, जिसने शारीरिक सीमाओं के बावजूद उन्हें प्रशासनिक सेवा तक पहुंचाया.

यह भी पढे़ं:

7.5 क्विंटल गेहूं से बाबा गरीबनाथ का महाशृंगार, हजारों श्रद्धालुओं ने किए दिव्य दर्शन


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अनिकेत कुमार

अनिकेत कुमार प्रभात खबर के साथ पिछले दो वर्षों से डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय हैं. वे मुजफ्फरपुर समेत उत्तर बिहार के आठ प्रमुख जिलों—मुजफ्फरपुर, दरभंगा, सीतामढ़ी, समस्तीपुर, मधुबनी, शिवहर, बेतिया और मोतिहारी—की डिजिटल टीम को लीड करते हैं. पत्रकारिता में उन्हें करीब पांच वर्षों का अनुभव है.

डिजिटल पत्रकारिता के विभिन्न आयामों की समझ रखने वाले अनिकेत वर्तमान में हाइपरलोकल पत्रकारिता पर विशेष रूप से काम कर रहे हैं. हाइपरलोकल, क्राइम और राजनीति से जुड़ी खबरों में उनकी खास रुचि है. इससे पहले वे बिहार और उत्तर प्रदेश की राजनीतिक खबरों पर भी काम कर चुके हैं. खबरों के साथ-साथ वीडियो इंटरव्यू, वीडियो रिपोर्ट और सोशल मीडिया रील्स बनाने का अनुभव भी रखते हैं. YouTube और Instagram के कंटेंट एल्गोरिद्म और डिजिटल ऑडियंस की पसंद को समझते हुए वे खबरों को अलग-अलग डिजिटल फॉर्मेट में प्रस्तुत करने पर भी काम करते हैं.

अपने पत्रकारिता करियर में उन्होंने उत्तर प्रदेश विधानसभा उपचुनाव और बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को जमीनी स्तर पर कवर किया है. प्रभात खबर के साथ बिहार विधानसभा चुनाव कवरेज के दौरान उन्होंने करीब 50 विधानसभा क्षेत्रों का दौरा किया, जहां मतदाताओं से सीधे संवाद किया और प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में चौपाल कार्यक्रम किए. नेताओं से सीधे सवाल पूछने के साथ उन्होंने जनता के बीच जाकर कई जमीनी मुद्दों को वीडियो रिपोर्ट के जरिए सामने रखा. चुनाव के दौरान अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों में समय बिताने और लोगों के बीच रहकर रिपोर्टिंग करने के अनुभव उन्हें डेस्क पर खबरों को बेहतर संदर्भ के साथ समझने और प्रस्तुत करने में मदद करते हैं.

प्रभात खबर से पहले वे राजस्थान पत्रिका और न्यूजट्रैक जैसे मीडिया संस्थानों के साथ काम कर चुके हैं. उन्होंने शुरुआती शिक्षा मुजफ्फरपुर में अंग्रेजी माध्यम से प्राप्त की और इसके बाद इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की.

बदलते मीडिया परिदृश्य और AI के दौर की पत्रकारिता को समझने में भी उनकी लगातार रुचि है. वे नए AI टूल्स और तकनीकों को सीखते हैं और उन्हें पत्रकारिता के काम में उपयोग करने के तरीकों पर लगातार प्रयोग करते रहते हैं. खाली समय में साहित्यिक किताबें पढ़ना और वीडियो बनाना उन्हें पसंद है. उनके लिए पत्रकारिता एक लगातार सीखने और बेहतर करने की प्रक्रिया है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >