Muzaffarpur Coaching Fire Safety: मुजफ्फरपुर में अग्नि सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वाले कोचिंग संस्थानों, अस्पतालों और होटलों पर अब सख्ती शुरू हो गई है. लखनऊ में हाल ही में हुए भीषण कोचिंग अग्निकांड के बाद जिला अग्निशमन विभाग अलर्ट मोड में है. इसी कड़ी में जिला अग्निशमन पदाधिकारी आमिर इसरार के नेतृत्व में शहर के विभिन्न संस्थानों का औचक निरीक्षण किया गया, जिसमें कई जगहों पर फायर सेफ्टी की स्थिति बेहद खराब मिली.
जांच के दौरान सुरक्षा मानकों में गंभीर लापरवाही पाए जाने पर कुल 32 संस्थानों को 15 दिनों के भीतर कमियां दूर करने का नोटिस जारी किया गया है. विभाग ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि निर्धारित समय सीमा के भीतर नियमों का पालन नहीं करने वाले भवनों को सील किया जा सकता है.
यह भी पढे़ं: Muzaffarpur Shop Fire: चांदनी चौक पर कबाड़ की दुकान में भीषण आग, दमकल की कई गाड़ियां मौके पर
कोचिंग संस्थानों की संख्या ने चौंकाया
अग्निशमन विभाग ने शहर में संचालित कोचिंग संस्थानों की जानकारी जुटाने के लिए जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय से सूची मांगी थी. शुरुआत में विभाग के पास सिर्फ 31 कोचिंग संस्थानों की सूची थी.
हालांकि बाद में जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय से प्राप्त सूची में कोचिंग संस्थानों की संख्या 100 से अधिक निकली. इसके बाद विभाग ने सभी संस्थानों की फायर सेफ्टी जांच की तैयारी शुरू कर दी है.
यह भी पढे़ं: Sitamarhi: विश्व बैंक समर्थित कार्यक्रम में शामिल हुई नगर निगम टीम, विकास योजनाओं को मिलेगा बढ़ावा
कई बड़े कोचिंग सेंटर जांच के दायरे में
निरीक्षण के दौरान कलमबाग रोड स्थित एलेन करियर इंस्टीट्यूट, द ईशू मित्रा एकेडमी, एक्सीलेंट एजुकेशन, करियर स्टडी पॉइंट और आरके फिजिक्स कोचिंग सेंटर समेत कई शिक्षण संस्थानों की जांच की गई.
जांच में कई जगहों पर अग्निशमन यंत्रों की कमी, आपातकालीन निकास व्यवस्था की खामियां और सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाया गया.
अस्पताल और होटल भी रडार पर
फायर ब्रिगेड की टीम ने शहर के 16 बड़े अस्पतालों और 10 होटलों का भी निरीक्षण किया. इनमें होमी भाभा कैंसर हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर, आरपी मेमोरियल हॉस्पिटल, माही हॉस्पिटल, अवध हॉस्पिटल, एसकेएमसीएच परिसर के भवन, कैलाश नर्सिंग होम समेत कई स्वास्थ्य संस्थान शामिल हैं.
वहीं होटल रॉयल स्टार, होटल कौटिल्य, होटल नारायणी, होटल सेंट्रल पॉइंट और अन्य प्रतिष्ठानों को भी नोटिस जारी किया गया है.
यह भी पढे़ं: Cyber Security: अब बुजुर्गों को आसानी से नहीं फंसा पाएंगे साइबर ठग, जानिए कैसे काम करेगा डुअल OTP सिस्टम
15 दिन में सुधार नहीं तो होगी कार्रवाई
जिला अग्निशमन पदाधिकारी आमिर इसरार ने कहा कि बिहार अग्निशमन सेवा नियमावली 2021 के तहत सभी संस्थानों को पर्याप्त अग्निशमन उपकरण, आपातकालीन निकास और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करनी होगी.
उन्होंने कहा कि विभाग का उद्देश्य लोगों की जान बचाना है और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. अगर 15 दिनों के भीतर कमियों को दूर नहीं किया गया तो संबंधित भवनों को सील करने की कानूनी प्रक्रिया शुरू की जाएगी.
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बढ़ी चिंता
शहर में बड़ी संख्या में छात्र, मरीज और आम लोग रोजाना इन संस्थानों में आते हैं. ऐसे में फायर सेफ्टी को लेकर सामने आई खामियों ने चिंता बढ़ा दी है. अग्निशमन विभाग की इस कार्रवाई को लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.
मुजफ्फरपुर से चंदन सिंह की रिपोर्ट
