हत्यारे पिता का कबूलनामा: बेटी के नाक में फेवीक्विक डाला पर नहीं मरी, फिर हत्या कर तेल के डिब्बे में डाल दिया

पटना में एक मासूम की हत्या मामले का पर्दाफाश हो गया है.कदमकुआं थाना क्षेत्र में ढाई माह की बच्ची का हत्यारा कोई और नहीं बल्कि उसका ही पिता निकला. हत्यारे पिता ने कबूला कि उसने पहले भी अपनी बेटी को मारने की कोशिश की लेकिन सफल नहीं हो सका था. फिर पूरी साजिश के साथ उसे मार डाला.

Bihar Crime News: पटना के कदमकुआं थाने के काजीपुर राेड नंबर दाे में 26 अप्रैल काे ढाई माह की बच्ची आंशी की हत्या के मामले का पटना पुलिस ने शुक्रवार को पर्दाफाश कर दिया. बच्ची की हत्या का आरोपित और कोई नहीं, बल्कि उसका पिता व अंडा बिक्रेता भरत यादव निकला. पुलिस ने पूछताछ के बाद शुक्रवार की रात उसे गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ में उसने पुलिस को बताया कि बच्ची को दिल में छेद था और वह उसका इलाज कराते-कराते लाखों रुपये खर्च कर चुका था और दिवालिया हो गया था. उसने बच्ची के गले में कपड़े का फंदा लगाकर हत्या कर दी.

एक और बच्चे को बड़ा आदमी बनाने की चाहत

हत्यारे पिता ने यह भी बताया कि उसके पास जो कुछ बचा था, उससे अपने एक और बच्चे को पढ़ा कर बड़ा आदमी बनाना चाहता था. लेकिन सारा पैसा बच्ची के इलाज में ही खर्च हो जा रहा था. यहां तक कि सारे जेवर तक इलाज में बिक चुके थे. अब उसके पास इलाज के लिए कुछ भी नहीं था.

आठ घंटे से अधिक पूछताछ, टूट गया हत्यारा बाप

बच्ची की हत्या की बात सामने आने के बाद कदमकुआं थाने की पुलिस ने उसकी मां काजल देवी और पिता भरत यादव काे पूछताछ के लिए थाना लाया. दोनों से आठ घंटे से अधिक समय तक कदमकुआं थाने की पुलिस ने पूछताछ की. पहले तो भरत यादव ने जांच को दूसरी दिशा देने का प्रयास किया. लेकिन अंत में टूट गया और घटना से संबंधित सारी कहानी बता दी.

Also Read: बिहार: गया में मां ने दुधमुंहे समेत अपने 3 बच्चों को फांसी पर लटकाया, फिर खुद फंदे से झुलकर कर ली खुदकुशी
पत्नी को नहीं थी जानकारी :

अंत में भरत यादव ने पुलिस को यह बताया कि पत्नी काजल को इस बात की जानकारी नहीं थी. उसने बच्ची को मार कर वनस्पति तेल के एक डिब्बे में डाल दिया, ताकि उसके शव को ठिकाना लगाया जा सके. इसके बाद बच्ची को खोजने का नाटक करने लगा. लेकिन मामला खुल गया और लोगाें को जानकारी हो गयी. इधर, पत्नी काजल की किसी प्रकार की भूमिका नहीं पाये जाने के बाद पुलिस ने छोड़ दिया.

पत्नी गयी बाथरूम तो बेटी को उठा ले गया

भरत यादव ने पुलिस को बताया कि बच्ची आंशी मां के साथ सो रही थी. इसी बीच पत्नी बाथरूम गयी, तो उसने बच्ची को उठा लाया. उसकी हत्या के लिए पहले से ही कपड़े से फंदा बना रखा था. इसके बाद वह बच्ची का मुंह बंद कर किचन में ले गया और कपड़े के फंदे से गला दबा कर मार डाला और डिब्बे में रख दिया. पत्नी जब बाथरूम से लाैटी और बच्ची को खोजने लगी, तो वह भी उसे खोजने का नाटक करने लगा.

पहले नाक में फेवी क्विक डाल कर मारने का किया था प्रयास :

भरत ने यह भी पुलिस को बताया है कि उसे पहले भी मारने के लिए नाक में फेवी क्विक डाल दिया था. लेकिन, वह इलाज के बाद बच गयी थी. कदमकुआं थानाध्यक्ष विमलेंदु ने बताया कि पिता भरत यादव ने बच्ची की हत्या करने की बातों को स्वीकार कर लिया है. उसे गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जायेगी. पत्नी को हत्या के संबंध में कोई जानकारी नहीं थी. शनिवार को जेल भेज दिया जायेगा.

Published By: Thakur Shaktilochan

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >