Jamalpur RPF Action: जमालपुर (मुंगेर). रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने जमालपुर लोको यार्ड में खड़े रेलवे इंजनों से न्यूमेटिक कॉपर पाइप चोरी के मामले का सफल उद्भेदन किया है. इस कार्रवाई में दो आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है तथा चोरी की गई रेलवे संपत्ति का बड़ा हिस्सा बरामद किया गया है. मामले में अन्य फरार आरोपितों की तलाश जारी है.
तीन इंजनों से हुई थी कॉपर पाइप की चोरी
जानकारी के अनुसार पिछले दिनों इलेक्ट्रिक लोको संख्या 32572, 28604 एवं 22863 से लगभग 117 फीट न्यूमेटिक कॉपर पाइप चोरी कर ली गई थी. इस संबंध में आरपीएफ पोस्ट जमालपुर में अलग-अलग मामले दर्ज किए गए थे. इसके बाद रेलवे सुरक्षा बल ने जांच तेज कर दी.
आरपीएफ और सीआईबी की संयुक्त टीम ने की छापेमारी
रेलवे सुरक्षा बल के सहायक सुरक्षा आयुक्त हीरा प्रसाद सिंह के निर्देश पर आरपीएफ एवं सीआईबी की संयुक्त टीम गठित की गई. सीआईबी इंस्पेक्टर एस.के. सुधा के नेतृत्व में टीम ने जमालपुर थाना पुलिस के सहयोग से सदर बाजार स्थित श्रीलाल कुमार की दुकान और घर पर छापेमारी की. तलाशी के दौरान वहां से 40 फीट रेलवे की न्यूमेटिक कॉपर पाइप बरामद की गई.
पूछताछ में सामने आए मुख्य आरोपी
पूछताछ के दौरान श्रीलाल कुमार ने बताया कि उसने चोरी की रेलवे संपत्ति सदर बाजार के खलासी मोहल्ला निवासी संजीव मलिक उर्फ बारिया और उसके भाई छोटू मलिक से खरीदी थी. इसके बाद टीम ने दोनों के घर पर छापेमारी की, जहां से 15 फीट न्यूमेटिक कॉपर पाइप बरामद की गई. कार्रवाई के दौरान संजीव मलिक उर्फ बारिया को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि छोटू मलिक फरार हो गया.
निशानदेही पर झाड़ियों से भी मिली पाइप
आरपीएफ अधिकारियों के अनुसार पूछताछ में संजीव मलिक ने स्वीकार किया कि उसने अपने भाई के साथ मिलकर लोको यार्ड में खड़े रेलवे इंजनों से न्यूमेटिक कॉपर पाइप चोरी की थी. उसकी निशानदेही पर झाड़ियों में छिपाकर रखी गई करीब 5 फीट अतिरिक्त कॉपर पाइप भी बरामद कर ली गई.
फरार आरोपितों की तलाश जारी
Jamalpur RPF Action: आरपीएफ के सहायक सुरक्षा आयुक्त ने बताया कि मामले में फरार आरोपी छोटू मलिक सहित अन्य संभावित आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. रेलवे संपत्ति की चोरी में शामिल पूरे नेटवर्क की भी जांच की जा रही है.
Also Read : डेहरी EO हत्याकांड: पटना समेत राज्यभर के कार्यपालक पदाधिकारी सामूहिक अवकाश पर, मांगों को लेकर किया सड़क जाम
