मुख्य बाजार में टोटो का कब्जा, बेतरतीब पार्किंग से रोज जाम; राहगीरों के लिए पैदल चलना भी मुश्किल

हवेली खड़गपुर के मुख्य बाजार में टोटो की बढ़ती संख्या यातायात के लिए बड़ी चुनौती बन गई है. सड़कों पर बेतरतीब पार्किंग से दिनभर जाम की स्थिति बनी रहती है, जिससे आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है. पैदल चलने वालों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.

हवेली खड़गपुर नगर के मुख्य बाजार में टोटो की लगातार बढ़ती संख्या अब यातायात व्यवस्था के लिए चुनौती बनती जा रही है. सवारी बैठाने और उतारने के लिए चालकों द्वारा सड़क पर ही टोटो खड़ा कर देने से दिनभर रुक-रुककर जाम की स्थिति बन रही है. कई जगह सड़क इतनी संकरी हो जाती है कि चारपहिया वाहनों के साथ पैदल राहगीरों का निकलना भी मुश्किल हो जाता है.

लालू एकता पार्क से थाना मोड़ तक बढ़ी परेशानी

लालू एकता पार्क से थाना मोड़ तक मुख्य बाजार का हिस्सा सबसे अधिक व्यस्त रहता है. इस मार्ग पर बड़ी संख्या में दुकानें और व्यावसायिक प्रतिष्ठान हैं, जिससे दिनभर लोगों और वाहनों की आवाजाही बनी रहती है.

इसी बीच सड़क किनारे और कई बार सड़क के आसपास टोटो खड़े कर सवारी का इंतजार करने से मार्ग की चौड़ाई कम हो जाती है. दोनों ओर से वाहनों के आने पर कुछ ही देर में जाम की स्थिति बन जाती है और वाहनों की लंबी कतार लग जाती है.

गौशाला मार्केट के पास हालात ज्यादा खराब

गौशाला मार्केट के मुख्य द्वार और गुदड़ी मार्केट के आसपास टोटो की बेतरतीब पार्किंग से समस्या और गंभीर हो जाती है. व्यस्त समय में एक साथ कई टोटो खड़े होने से रास्ता बेहद संकरा हो जाता है.

इसके बाद बाइक, साइकिल, रिक्शा और अन्य वाहनों की आवाजाही बढ़ते ही यातायात पूरी तरह प्रभावित हो जाता है. बाजार में खरीदारी करने पहुंचे लोगों को भी वाहनों की भीड़ के बीच से गुजरना पड़ता है.

पैदल राहगीरों के लिए भी मुश्किल

मुख्य बाजार में टोटो और अन्य वाहनों की पार्किंग का सबसे अधिक असर पैदल चलने वालों पर पड़ रहा है. सड़क किनारे जगह नहीं बचने के कारण लोगों को वाहनों के बीच से होकर गुजरना पड़ता है.

महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों के लिए यह स्थिति विशेष रूप से परेशानी वाली है. जाम के दौरान वाहनों के लगातार हॉर्न और आगे निकलने की होड़ से बाजार का माहौल भी अस्त-व्यस्त हो जाता है.

निर्धारित स्टैंड नहीं होने से बढ़ रही समस्या

टोटो के ठहराव और सवारी बैठाने-उतारने के लिए मुख्य बाजार में व्यवस्थित स्थान निर्धारित नहीं होने से समस्या लगातार बढ़ रही है. टोटो स्थानीय परिवहन का महत्वपूर्ण साधन बन चुका है और बड़ी संख्या में लोग रोज इससे सफर करते हैं.

ऐसे में टोटो के लिए निर्धारित स्टैंड बनाने, सड़क किनारे बेतरतीब पार्किंग पर रोक लगाने और व्यस्त बाजार क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने की जरूरत महसूस की जा रही है. स्थानीय लोगों का कहना है कि समय रहते ठोस व्यवस्था नहीं की गयी तो आने वाले दिनों में बाजार में जाम की समस्या और गंभीर हो सकती है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By सौरभ कुमार

सौरभ कुमार प्रिंट माध्यम में 15 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. हवेली खड़गपुर (मुंगेर) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक कार्यों, शिक्षा, राजनीति व खेल में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >