कर्मचारियों की एक जुटता ही हमारी सबसे बड़ी ताकत

मानव शृंखला की सफलता को लेकर ईआरएमयू ने की अलग-अलग बैठक

जमालपुर. ऑल इंडिया रेलवे मेंस फेडरेशन और ईस्टर्न रेलवे के संयुक्त आह्वान पर शुक्रवार को बनने वाली मानव शृंखला की सफलता को लेकर गुरुवार को यूनियन की विभिन्न शाखाओं द्वारा अलग-अलग स्थान पर कार्यक्रमों के आयोजन किये गये. कारखाना शाखा द्वारा कारखाना गेट संख्या एक पर गेट मीटिंग हुई. इसका संचालन शाखा उपाध्यक्ष अमित कुमार राय ने किया. उन्होंने कहा कि 3 से 28 फरवरी तक रेल बचाओ, देश बचाओ, कारखाना बचाओ अभियान चलाया जा रहा है. कर्मचारियों की एक जुटता ही हमारी सबसे बड़ी ताकत है. मानव शृंखला के माध्यम से यह स्पष्ट संदेश दिया जायेगा कि रेलकर्मी अपने अधिकारों और कारखाने की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है. अनिल प्रसाद यादव ने कहा कि स्थाई रोजगार, श्रम कानून की सुरक्षा और कारखाने की निरंतरता के लिए संगठित संघर्ष करना होगा. शाखा सचिव परमानंद कुमार ने कहा कि रेलवे देश की जीवन रेखा है. इसे कमजोर करना राष्ट्रहित के खिलाफ है. संयुक्त सचिव गोपाल कुमार ने कहा संगठन लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगों को बुलंद कर रहे हैं. कोषाध्यक्ष रंजीत कुमार सिंह ने कहा कि कारखाने की मजबूती ही क्षेत्र के हजारों परिवारों की आजीविका की सुरक्षा है. सहायक सचिव संजीव कुमार ने कहा कि यह कार्यक्रम एक प्रतीकात्मक नहीं, बल्कि भविष्य की दिशा तय करने वाला संकल्प है. शुक्रवार को भोजन अवकाश के समय मानव शृंखला का निर्माण किया जाएगा. मौके पर सुमन कुमारी, मृत्युंजय कुमार, रविशंकर आदि मौजूद थे. दूसरी तरफ यूनियन के ओपन लाइन ब्रांच द्वारा गैरेज एंड वैगन के सिक लाइन में गेट मीटिंग की गयी. इसकी अध्यक्षता शाखा अध्यक्ष बृज गोपाल ने की. नेतृत्व शाखा सचिव केडी यादव ने किया. शाखा सचिव ने कहा कि नये लेबर कोड को जल्द से जल्द समाप्त करना चाहिए. सरकार 18 महीने के महंगाई भत्ते के बकाए का भुगतान जल्द से जल्द करे. इसके साथ ही आठवें वेतन आयोग को जल्द से जल्द लागू करे. इसके अतिरिक्त उन्होंने रेलवे में निजीकरण को बंद करने, सभी खाली पड़े पदों को यथाशीघ्र भरने, नये कामों के लिए नए पदों का सृजन करने की मांग की. मौके पर शिवदयाल मंडल, सुबोध कुमार रंजन, रंजन कुमार सिंह, राजेश कुमार, नीतू देवी, कुमकुम देवी, प्रमिला देवी मौजूद थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By AMIT JHA

AMIT JHA is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >