जमालपुर. जमालपुर के लोको शेड के निकट बन रहे न्यू पिट लाइन एरिया से अतिक्रमण हटाने पहुंचे रेल अधिकारियों और रेलवे सुरक्षा बल के साथ स्थानीय थाना पुलिस को गुरुवार को बैरंग वापस लौटना पड़ा. बताया गया कि ये लोग उस क्षेत्र में पिछले कई दशकों से रहने वाले लोगों के आवास को हटाने के लिए रेलवे के असिस्टेंट इंजीनियर सनातन कुमार के नेतृत्व में वहां पहुंचे थे. स्थानीय विधायक नचिकेता मंडल के हस्तक्षेप और स्थानीय जनप्रतिनिधियों के विरोध के बाद कार्रवाई को अगले छह महीने के लिए रोक दिया गया.
नयी पिट लाइन निर्माण के लिए अतिक्रमण हटाना जरूरी
जानकारी के अनुसार, अस्सिटेंट इंजीनियर के नेतृत्व में रेलवे सुरक्षा बल और ईस्ट कॉलोनी थाना की पुलिस अतिक्रमण हटाने के लिए पिट लाइन एरिया पहुंची थी. अधिकारियों ने बताया कि इस जमीन पर नयी पिट लाइन का निर्माण होना है. इसके बाद जमालपुर से नयी ट्रेन मिलने की भी उम्मीद है और इस क्षेत्र में रेल परिचालन सुगम बनेगा. बताया गया कि इस जमीन पर अतिक्रमण कर रहने वाले परिवार को अबतक छह बार नोटिस जारी किया गया है. हर बार समय सीमा समाप्त होने के बाद ये लोग और समय मांगते हैं. बता दें कि नयी पिट लाइन के निर्माण के लिए यहां युद्ध स्तर पर कार्य जारी है.
विधायक के हस्तक्षेप से वाशिंदों को मिला छह माह का समय
रेल अधिकारियों की कार्रवाई की सूचना पर प्रखंड बीस सूत्री अध्यक्ष मुनीलाल मंडल और जदयू के जिला सचिव गोपाल कृष्ण कुमार घटनास्थल पर पहुंचे. नेताओं ने कहा कि रेलवे की यह कार्रवाई अमानवीय है. क्योंकि इस परिसर में पिछले कई दशक से लगभग सौ परिवार गुजर-बसर करते हैं और उनके घर पर बुलडोजर चलाकर बेघर कर देना न्यायोचित नहीं है. फिर इन नेताओं ने स्थानीय विधायक नचिकेता मंडल से बात कर उन्हें हस्तक्षेप करने को कहा. स्थानीय विधायक ने मालदा के डीआरएम मनीष कुमार गुप्ता से फोन पर बात की. उन्होंने स्पष्ट किया कि जमालपुर नगर परिषद प्रशासन यहां रहने वाले लोगों को अन्यत्र शिफ्ट करने के लिए भूमि उपलब्ध कराने के लिए लगा हुआ है. जैसे ही वैकल्पिक जमीन चिह्नित हो जाएगी या परिवार स्वयं ही रेलवे की जमीन खाली कर यहां से चले जाएंगे. इसके बाद मुनीलाल मंडल ने यह लिख कर दिया कि अक्तूबर तक इन परिवार को इसी स्थान पर रहने दिया जाए और छह महीने के भीतर नगर परिषद प्रशासन इनके रहने के लिए उचित स्थान का चयन कर लेगा. इस आश्वासन के बाद रेल अधिकारी वापस लौट गये.
मौके पर आरपीएफ पोस्ट इंचार्ज इंस्पेक्टर राजीव नयन, ईस्ट कॉलोनी थाना के जमादार अनिल कुमार सिंह के साथ रेलवे के कई अधिकारी उपस्थित थे.