बिहार को और सुंदर व समृद्ध बनाने का काम तारापुर का बेटा करेगा : सम्राट

मुख्यमंत्री बनने के बाद रविवार को पहली बार अपने विधानसभा व गृह क्षेत्र असरगंज के बैजलपुर पहुंचने पर सम्राट चौधरी ने ग्रामीणों को प्रणाम किया.

तारापुर विधानसभा क्षेत्र के लोगों ने हमें प्रचंड बहुमत से जिताया है, इसके लिए मैं उनका ऋणी हूं… हिमांशु कुमार, असरगंज (मुंगेर). मुख्यमंत्री बनने के बाद रविवार को पहली बार अपने विधानसभा व गृह क्षेत्र असरगंज के बैजलपुर पहुंचने पर सम्राट चौधरी ने ग्रामीणों को प्रणाम किया. प्रधानमंत्री के मन की बात कार्यक्रम सुनने के बाद अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि मैं सर्वप्रथम आप लोगों को हाथ जोड़कर प्रणाम करता हूं. क्योंकि पहली बार आपका मैं विधायक बना हूं और पहली बार ही बिहार का मुख्यमंत्री बन गया. तारापुर विधानसभा क्षेत्र के लोगों ने हमें प्रचंड बहुमत से जिताया है, इसके लिए मैं उनका ऋणी हूं. आजादी के बाद तारापुर विधानसभा क्षेत्र से सबसे ज्यादा वोटों से यहां के लोगों ने हमें जीत दिलायी है. मैं आश्वस्त करता हूं कि आपके अधूरे सपने को पूरा करूंगा. लोकतंत्र में मेरा भरोसा है. बिहार के लोगों ने एनडीए को 202 सीट देकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नीतीश कुमार जी के प्रति अपना भरोसा जताया है. बिहार को और सुंदर व समृद्ध बनाने का काम तारापुर का बेटा करेगा. उन्होंने कहा कि मैं विधायक तो कई बार रहा हूं, विधान परिषद का सदस्य भी रहा, लेकिन जिस इलाके में जन्म लिया था. पहली बार सेवा करने का मौका मिला है. इसके लिये देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मुझे दायित्व सौंपा है. हम आपके अधूरे सपने को पूरा करने आये हैं. आज बिहार में सड़कों का चौड़ीकरण, नये सड़कों का निर्माण, रेलवे ट्रैक का विस्तारीकरण, शिक्षा-स्वास्थ्य में सुधार से संबंधित विकास के कार्य तेजी से हो रहे हैं. आज ही यहां के ढ़ोल पहाड़ी में इको पर्यटन कार्य का शिलान्यास किया गया है और आज से ही काम शुरू हो जायेगा. उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र को फोरलेन सड़क से जोड़ा जा रहा है. यहां के लोग फोरलेन से सीधे सुल्तानगंज पहुंचेंगे. उन्हें असरगंज जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी. भारत सरकार द्वारा संचालित योजना से आइटीआइ तारापुर को 1 हजार विद्यार्थियों को स्किल्ड करने की व्यवस्था की जा रही है. मुख्यमंत्री ने कहा कि मुंगेर से भागलपुर तक मरीन ड्राइव बनाया जा रहा है. गंगा नदी का पानी रोकने की दिशा में भी कार्य सुनिश्चित की जा रही है, ताकि यहां के लोगों को बाढ़ से मुक्ति मिल सके. सिंचाई सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है. यहां कई झीलें और डैम हैं. इसमें गंगा नदी का पानी संग्रहित किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि जबतक किसान समृद्ध नहीं होंगे, तबतक बिहार समृद्ध नहीं होगा. मुख्यमंत्री ने कहा कि असरगंज में महाविद्यालय बना है. यहां के लोगों की इच्छा है कि यहां खेल मैदान भी बने, इसके लिए सरकारी जमीन चिह्नित की जायेगी. सरकारी जमीन उपलब्ध नहीं होने पर सरकार जमीन खरीदकर खेल मैदान बनाएगी. इस इलाके से कोलकाता एक्सप्रेस-वे गुजर रहा है. जब इसका काम पूर्ण हो जायेगा तब लोग 5 से 6 घंटे में कोलकाता आसानी पहुंच सकेंगे. मुख्यमंत्री ने कहा कि तारापुर विधानसभा क्षेत्र के किसी न किसी पंचायत में मेरे आने का कार्यक्रम चलता रहेगा. यहां उद्योग स्थापित हो, यह भी सुनिश्चित किया जायेगा. अच्छी नौकरी करने के लिए लोग बिहार से बाहर जायें, लेकिन मजबूरी में रोजगार के लिए किसी को बाहर नहीं जाना पड़े, हम ऐसी व्यवस्था बनाना चाहते हैं. स्थानीय जनप्रतिनिधियों, नेताओं, जिला प्रशासन व स्थानीय लोगों ने मुख्यमंत्री को अंगवस्त्र, प्रतीक चिह्न भेंटकर उनका स्वागत किया.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By RANA GAURI SHAN

RANA GAURI SHAN is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >