मुंगेर. शेयर बाजार में निवेश और सरकारी ठेकेदारी में भारी मुनाफा दिलाने का झांसा देकर करोड़ों रुपये की ठगी करने के आरोपित सूरज कुमार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने उसके खिलाफ जारी गैर-जमानती वारंट के आधार पर कार्रवाई करते हुए मुफस्सिल थाना क्षेत्र के चरौन गांव के समीप से उसे पकड़ा. गिरफ्तारी के बाद आरोपित को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया.
84 लोगों से 10 से 12 करोड़ रुपये ठगने का आरोप
पुलिस के अनुसार सूरज कुमार पर करीब 84 लोगों से 10 से 12 करोड़ रुपये की ठगी करने का आरोप है. ठगी के शिकार लोगों में आम नागरिकों के अलावा पुलिसकर्मी, रेलकर्मी, सेना के जवान और किसान भी शामिल बताए जा रहे हैं.
आरोप है कि सूरज कुमार निवेश और सरकारी ठेकेदारी में मोटा मुनाफा दिलाने का भरोसा देकर लोगों से रुपये लेता था. मुफस्सिल थाना क्षेत्र के हरदियाबाद निवासी नीरज कुमार से करीब 1.5 करोड़ रुपये और एक दारोगा से करीब 45 लाख रुपये लिये जाने की बात सामने आयी है. कुछ पीड़ितों ने निवेश के लिए अपनी जमीन तक बेच दी थी.
बेल और मध्यस्थता के सिलसिले में गांव पहुंचा था आरोपित
बताया जाता है कि सूरज कुमार एक मामले में बेल अर्जी और मध्यस्थता के सिलसिले में चुपके से गांव आया था. इसी दौरान एक पीड़ित ने पुलिस को आरोपित के चरौन गांव में मौजूद होने की सटीक सूचना दी. सूचना मिलते ही पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गांव के समीप घेराबंदी की और सूरज कुमार को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने उसके खिलाफ पहले से जारी गैर-जमानती वारंट के आधार पर गिरफ्तारी की कार्रवाई की.
10 पीड़ितों ने दर्ज करायी प्राथमिकी
मामले में मुफस्सिल थाना और न्यायालय में अब तक करीब 10 पीड़ितों की ओर से प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है. प्राथमिकी दर्ज कराने वालों में संजीव कुमार, अंजनी कुमार, लाली कुमारी, वेदानंद कुमार, अविनाश कुमार, मधु, निशा कुमारी और राजहंस कुमार राय सहित अन्य लोग शामिल हैं.
पुलिस कर रही ठगी के पूरे नेटवर्क की जांच
मुफस्सिल थानाध्यक्ष राजेश कुमार ने आरोपित की गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि सूरज कुमार को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है. पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है. पुलिस अब दर्ज शिकायतों, लेन-देन और आरोपों से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है. जांच के दौरान ठगी की वास्तविक राशि और इस मामले से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी सामने आने की उम्मीद है.
