एमयू ने जारी किया आवेदन का फॉर्मेट और आवेदन जमा करने की तिथि
मुंगेर. मुंगेर विश्वविद्यालय ने सत्र 2025-27 पीजी सेमेस्टर-1 में नामांकन के दौरान 15 एवं 16 दिसंबर को ऑन द स्पॉट नामांकन के लिए लिये गये आवेदन की राशि विद्यार्थियों को वापस करने के लिए एक फॉर्मेट जारी किया है. जिस फॉर्मेट को भर कर संबंधित विद्यार्थी अपने राशि की वापसी के लिए आवेदन करेंगे. इसके लिए विश्वविद्यालय द्वारा आवेदन करने की तिथि भी निर्धारित की गयी है.विश्वविद्यालय की सूचना में कहा गया है कि सत्र 2025-27 पीजी सेमेस्टर-1 में नामांकन के दौरान वैसे विद्यार्थी, जिनके द्वारा 15 और 16 दिसंबर 2025 में ऑन द स्पॉट प्रक्रिया के पूर्व नामांकन के लिए आवेदन किया गया था और उन आवेदनों को विश्वविद्यालय द्वारा 18 दिसंबर 2025 को रद्द कर दिया गया था. ऐसे विद्यार्थी अपने आवेदन शुल्क की राशि के लिए ऑनलाइन आवेदन जमा करेंगे. इसके तहत विश्वविद्यालय द्वारा जारी आवेदन प्रारूप को भरकर विद्यार्थी अपना शुल्क वापस लेने के लिए आवेदन करेंगे. विधिवत भरा हुआ आवेदन विद्यार्थी डीएसडब्ल्यू कार्यालय या संबंधित कॉलेज के निकटतम एक्सटेंशन काउंटर पर जमा करेंगे. इसके लिए विद्यार्थी 25 से 28 फरवरी तक और छह और सात मार्च को संबंधित निर्धारित स्थल पर अपना आवेदन जमा करेंगे. वहीं निर्धारित तिथि के बाद जमा किए गए आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा. सूचना में कहा गया है कि विद्यार्थी रिफंड की प्रक्रिया में देरी से बचने के लिए निर्धारित प्रारूप में उल्लिखित सभी आवश्यक दस्तावेज संलग्न करना सुनिश्चित करेंगे.
