मुंगेर : जिले के सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए व्यवस्थाओं को सुदृढ़ किया जाएगा. सदर अस्पताल से लेकर आयुष्मान आरोग्य मंदिर तक जर्जर भवनों के जीर्णोद्धार, मरीजों के बैठने की व्यवस्था, वेटिंग एरिया, आवश्यक उपकरण और फर्नीचर सहित अन्य सुविधाओं को दुरुस्त किया जाएगा. विभाग के निर्देश के अनुसार इन सभी कार्यों को 30 अक्टूबर तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है.
इन कार्यों के लिए जिले के सभी सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों की रोगी कल्याण समिति से आवश्यक कार्यों का अनुमोदन कराया गया है. जिला स्वास्थ्य विभाग ने संबंधित संस्थानों से अनुमोदित कार्यों की सूची और अनुमानित राशि का विवरण एकत्र कर मंगलवार को विभाग को भेज दिया है.
सदर अस्पताल से आयुष्मान आरोग्य मंदिर तक होगा काम
विभागीय निर्देश के अनुसार सदर अस्पताल, अनुमंडल अस्पताल तारापुर एवं खड़गपुर के अलावा सभी प्रखंडों के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी), अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (एपीएचसी) और आयुष्मान आरोग्य मंदिर में सुविधाओं को सुदृढ़ किया जाना है.
इसके तहत जर्जर भवनों की मरम्मत और जीर्णोद्धार के साथ मरीजों के बैठने की सुविधा, वेटिंग एरिया, आवश्यक उपकरण, फर्नीचर समेत अन्य जरूरी व्यवस्थाओं को बेहतर किया जाएगा.
रोगी कल्याण समिति से कराया गया अनुमोदन
सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में किए जाने वाले कार्यों की सूची संबंधित स्वास्थ्य केंद्र की रोगी कल्याण समिति से अनुमोदित कराकर 15 सितंबर तक विभाग को भेजने का निर्देश दिया गया था. इसके साथ प्रत्येक कार्य के लिए अनुमानित राशि का पूरा विवरण भी मांगा गया था.
जिला स्वास्थ्य विभाग ने मंगलवार को सभी सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों से प्राप्त अनुमोदित कार्यों की सूची और अनुमानित राशि का विवरण विभाग को भेज दिया है. अब संबंधित स्वास्थ्य संस्थानों में निर्धारित कार्यों को 30 अक्टूबर तक पूरा किया जाना है.
जरूरत के अनुसार मिलेगी राशि
सिविल सर्जन डॉ. राजू ने बताया कि विभाग के निर्देश पर सभी स्वास्थ्य संस्थानों से रोगी कल्याण समिति से अनुमोदित कार्यों का प्रारूप अनुमानित राशि के साथ मांगा गया था. इसे विभाग को भेज दिया गया है. सभी संबंधित स्वास्थ्य संस्थानों को 30 अक्टूबर तक कार्य पूरा करने का निर्देश दिया गया है. आवश्यकतानुसार रोगी कल्याण समिति मद में विभाग की ओर से राशि उपलब्ध करायी जाएगी.
