अर्थी पर बंधा शव गंगा किनारे मिलने से सनसनी

सफियासराय थाना पुलिस ने कब्जे में लिया

ट्रेन से कट गया था धरहरा सारोबाग का नंदकिशोर, परिजनों का आरोप – जीआरपी ने डरा दिया था, इसलिए अर्थी सहित गंगा में बहाया

मुंगेर. सफियासराय थाना क्षेत्र के डकरा पड़हम के पास गंगा किनारे शनिवार की सुबह अर्थी में बंधा हुआ शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गयी. सूचना पर सफियासराय थाना पुलिस पहुंची और शव को अपने कब्जे में ले लिया. शव की पहचान धरहरा थाना क्षेत्र के सारोबाग निवासी 45 वर्षीय नंदकिशोर तांती के रूप में हुई. वह शुक्रवार को सारोबाग हाल्ट के समीप ट्रेन से कट गया था. इसके बाद परिजनों ने अर्थी सहित शव को गंगा में बहा दिया था.

बताया जाता है कि शनिवार की सुबह लोग खेतीवारी के लिए डकरा पड़हम के समीप गंगा किनारे पहुंचे तो वहां एक अर्थी देखा, जिस पर शव बंधा हुआ था. तेजी से यह खबर आस-पास के गांवों में फैली और वहां भीड़ जमा हो गयी. सूचना पर पुलिस पहुंची और अर्थी सहित शव को किनारे से खींचवा कर ऊपर लाया. शव पर से कपड़ा हटाया गया, तो भीड़ व पुलिस दोनों दंग रह गयी. शव का सिर बुरी कई भागों में विभिक्त था और शरीर भी पूरी तरह से क्षत-विक्षत था.

धरहरा के सरोबाग निवासी नंदकिशोर तांती था शव

काफी मशक्कत के बाद सफियासराय पुलिस ने शव का शिनाख्त कराने में सफलता पायी. शव की पहचान धरहरा थाना क्षेत्र के सारोबाग निवासी 45 वर्षीय नंदकिशोर तांती के रूप में हुई. पुलिस की सूचना पर धरहरा से उसके परिजन पहुंचे और पुलिस को बताया कि शुक्रवार को नंदकिशोर की मौत सारोबाग के समीप ट्रेन की चपेट में आने से हो गयी थी. सफियासराय थाना पुलिस ने शव को परिजनों के साथ पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल मुंगेर भिजवा दिया. मृतक के भाई छोटे लाल व पत्नी शीला देवी ने बताया कि शुक्रवार को जीआरपी पुलिस की सूचना पर हमलोग सारोबाग हाल्ट पहुंचे थे, जहां नंदकिशोर तांती मृत पड़ा हुआ था और उसका शव बुरी तरह से क्षत-विक्षत था. जीआरपी पुलिस ने हमलोगों से कहा कि कहां थाना पुलिस के चक्कर में पड़ोंगे, लाश लेकर घर चले जाओ. इसके बाद हमलोग शव लेकर घर चले गये और अर्थी बना कर उसके शव को डकरा पड़हम के समीप जलाने गये. लेकिन इस दौरान हमलोगों ने डर से शव को अर्थी सहित गंगा में बहा दिया था.

कहते हैं सफियासराय थानाध्यक्ष

सफियासराय थानाध्यक्ष संजीत कुमार ने बताया कि लोगों की सूचना पर डकरा पहड़म के समीप अर्थी समेत शव बरामद हुआ. जो धरहरा थाना क्षेत्र के सारोबाग निवासी नंदकिशोर तांती का था.

कहते हैं रेल थानाध्यक्ष

रेल थाना जमालपुर के थानाध्यक्ष स्वराज कुमार ने कहा कि ट्रेन की चपेट में आने से सारोबाग हाल्ट के समीप किसी व्यक्ति के मौत की सूचना मिली थी. लेकिन पुलिस टीम जब वहां पहुंची तो शव नहीं मिला. परिजनों का आरोप बेबुनियाद है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Birendra kumar sing

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >