हवेली खड़गपुर (मुंगेर) से रतन झा की रिपोर्ट
Road Accident: हवेली खड़गपुर. प्रखंड के खाजेचक निवासी एवं राजद के पूर्व प्रखंड अध्यक्ष ओम प्रकाश यादव उर्फ चौटाला का सड़क दुर्घटना में घायल होने के बाद निधन हो गया. जानकारी के अनुसार मंगलवार की शाम वे हवेली खड़गपुर बाजार से अपने गांव खाजेचक लौट रहे थे. इसी दौरान रास्ते में उनकी बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई. हादसे में उनके सिर में गंभीर चोट लगी थी, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए बेगूसराय के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था. जहां उपचार के दौरान बुधवार देर रात उन्होंने अंतिम सांस ली.
पार्टी और समाज के लिए अपूरणीय क्षति
उनके निधन की खबर मिलते ही समर्थकों, शुभचिंतकों और पार्टी कार्यकर्ताओं में शोक की लहर दौड़ गई. राजद नेताओं ने इसे पार्टी और समाज के लिए अपूरणीय क्षति बताया. लोगों का कहना है कि चौटाला हमेशा जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाते थे और क्षेत्र के लोगों के सुख-दुख में सक्रिय भूमिका निभाते थे.
नेताओं ने व्यक्त की संवेदना
Road Accident: पूर्व केंद्रीय मंत्री पूर्व केंद्रीय मंत्री जयप्रकाश नारायण यादव, ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि ओम प्रकाश यादव चौटाला पार्टी के समर्पित, कर्मठ और वफादार कार्यकर्ता थे. वे हमेशा समाज के दबे-कुचले और जरूरतमंद लोगों की आवाज बनकर खड़े रहते थे. उनका निधन पार्टी के लिए ऐसी क्षति है जिसकी भरपाई संभव नहीं है.
कई गणमान्य लोगों ने दी श्रद्धांजलि
उनके निधन पर पूर्व कांग्रेस विधायक अजय कुमार सिंह, प्रखंड अध्यक्ष बिपिन खिरहरी, छात्र नेता ईशु यादव, पंकज यादव, योगेश्वर गोस्वामी, केदार यादव, चंद्रशेखर यादव, दयानंद निराला, मो. रऊफ, अरविंद यादव, मो. राशिद, प्रवीण यादव एवं मो. इनामुल हक सहित कई लोगों ने शोक संवेदना व्यक्त की है. सभी ने दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोक संतप्त परिवार को दुख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की.
