जमालपुर रेलवे स्टेशन के प्रतीक्षालय में राइफल से चली गोली, स्टेशन पर मची अफरा-तफरी

प्रत्यक्षदर्शी पश्चिम बंगाल जाने वाली रेलयात्री ने कहा-राइफल की नाल ऊपर की ओर नहीं रहती, तो जा सकती थी जान

फायरिंग रेंज जमालपुर में फायरिंग करने आये थे कटिहार रेल पुलिस जिला के तीन जवान, लाैटने के दौरान द्वितीय श्रेणी प्रतीक्षालय में कर रहे थे ट्रेन का इंतजार

जमालपुर. जमालपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-1 पर स्थित द्वितीय श्रेणी प्रतीक्षालय में शनिवार को अचानक एक पुलिसकर्मी के राइफल से गोली चल गयी. गोली चलते ही प्रतीक्षालय और स्टेशन पर अफरा-तफरी मच गयी. यात्री बिना कुछ समझे ही इधर-उधर भागने लगे. इसके कारण स्टेशन पर भगदड़ की स्थिति उत्पन्न हो गयी. स्टेशन पर जीआरपी व आरपीएफ जवान जहां थे, वहीं पर मोर्चा संभाल लिया. हालांकि आधे घंटे बाद जब माहौल शांत हुआ, तो पता चला कि कटिहार रेल पुलिस के एक जवान की राइफल से गोली चल गयी थी.

छत के ऊपर लगे फॉल्स सीलिंग में छेद करते हुए अंदर चली गयी गोली

बताया जाता है कि द्वितीय श्रेणी प्रतीक्षालय में बैठ कर यात्री ट्रेन का इंतजार कर रहे थे. इसी प्रतीक्षालय में रेल पुलिस के तीन जवान भी अपनी राइफल लेकर बैठे थे, जो मोबाइल चलाने में व्यस्त थे. उन लोगों का राइफल जैसे-तैसे रखा हुआ था. इसी दौरान एक जवान की राइफल जो ऊपर की ओर उठी हुई थी उससे फायरिंग हो गयी. फायरिंग होते ही प्रतीक्षालय के साथ ही स्टेशन पर बैठे यात्री इधर-उधर भागने लगे. इससे स्टेशन पर भगदड़ की स्थिति उत्पन्न हो गयी. प्रत्यक्षदर्शी पश्चिम बंगाल जाने वाली रेलयात्री तनुश्री साहा ने बताया कि जिस जवान की राइफल से गोली चली वह उसके ठीक बगल में बैठी हुई थी. यदि राइफल की नाल ऊपर की ओर नहीं रहती और राइफल बायें या दाहिने झुकी रहती, तो कई लोगों की जान जा सकती थी. राइफल से चली गोली छत के ऊपर लगे फॉल्स सीलिंग में छेद करते हुए अंदर चली गयी.

भगदड़ के बीच भाग निकले तीनों जवान

आधे घंटे बाद जब स्टेशन पर भगदड़ शांत हुआ, तो गोली चलने के मामले की जांच शुरू हुई. इस दौरान पता चला कि कटिहार रेल पुलिस जिला के कुछ जवान फायरिंग करने के लिए फायरिंग रेंज जमालपुर आये थे. फायरिंग कर वापस कटिहार जाने के लिए प्रतीक्षालय में ट्रेन के इंतजार में बैठ गये. तीनों सिपाही मोबाइल देखने में इतने व्यस्त थे कि उनको अपने हथियारों का होश ही नहीं रहा. इसी दौरान एक राइफल से गोली चल गयी. जब प्रतीक्षालय और स्टेशन पर भगदड़ मची, तो तीनों जवान मौका देखकर हथियार के साथ प्रतीक्षालय से भाग निकले.

आरपीएफ के अधिकारी खंगाल रहे सीसीटीवी फुटेज

घटना की जानकारी मिलते ही स्टेशन प्रबंधक दीपक कुमार, रेलवे सुरक्षा बल के असिस्टेंट सिक्योरिटी कमांडेंट हीरा प्रसाद सिंह, कार्यकारी इंचार्ज इंस्पेक्टर अजय कुमार शर्मा, सब इंस्पेक्टर समीर कुमार और रेल पुलिस के अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे. उन्होंने वहां उपस्थित रेल यात्रियों से मामले की जानकारी ली. बाद में अधिकारियों ने रेलवे सुरक्षा बल के सीसीटीवी कैमरा कंट्रोल रूम पहुंचकर सीसीटीवी फुटेज की जांच की. अधिकारियों ने बताया कि जांच की जा रही है.

कहते हैं अधिकारी

रेल पुलिस जमालपुर के अपर पुलिस अधीक्षक उमेश्वर चौधरी ने बताया कि जिस रेल पुलिस जवान की राइफल से गोली चली थी. वह कटिहार रेल जिला में तैनात है. जमालपुर के अमझर के निकट रेल पुलिस के फायरिंग रेंज में फायरिंग करने पहुंचा था और द्वितीय श्रेणी प्रतीक्षालय में बैठा हुआ था. उन्होंने बताया कि रेल जिला जमालपुर के अधिकारियों की जांच रिपोर्ट रेल जिला कटिहार को भेजी जायेगी. रिपोर्ट के आलोक में संबंधित पुलिसकर्मी के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई होगी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By BIRENDRA KUMAR SING

BIRENDRA KUMAR SING is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >