मैट्रिक परीक्षा में 95.6 प्रतिशत अंक के साथ राखी बनी जिला टॉपर, रितिक कुमार सेकेंड

बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने रविवार को माध्यमिक परीक्षा (मैट्रिक) 2026 का परिणाम घोषित कर दिया है.

मुंगेर. बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने रविवार को माध्यमिक परीक्षा (मैट्रिक) 2026 का परिणाम घोषित कर दिया है. हालांकि मुंगेर से मैट्रिक परीक्षा में स्टेट टॉपरों की सूची में एक भी विद्यार्थी शामिल नहीं है, लेकिन जिला टॉपर की सूची में शामिल विद्यार्थियों का अंक स्टेट टॉप-10 से महज तीन से पांच नंबर ही कम है. मैट्रिक परीक्षा में जहां संग्रामपुर प्रखंड के हाई स्कूल मंझगांय की राखी कुमारी ने 95.6 प्रतिशत अंक के साथ पहला स्थान प्राप्त किया है. वहीं हाई स्कूल लोहची के छात्र रितिक कुमार ने 95.4 प्रतिशत अंक के साथ दूसरा और गांधी उच्च विद्यालय कुतलुपुर के छात्र लोकेश भारद्वाज ने 95.2 प्रतिशत अंक प्राप्त कर तीसरा स्थान हासिल किया है.

बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा मैट्रिक का रिजल्ट दोपहर 1.15 में जारी किया गया. जिसके बाद विद्यार्थियों में अपने-अपने रिजल्ट को देखने की होड़ मच गयी. रिजल्ट जारी होते ही फोन की घंटियां भी बजनी शुरू हो गयी. विद्यार्थी जहां अपने रिजल्ट जानने को लेकर उत्सुक थे और अपने सहपाठियों से रिजल्ट की जानकारी लेने में व्यस्त रहे. वहीं परिजन भी अपने बच्चों का रिजल्ट जानने के लिए फोन में व्यस्त दिखे. इस बार जिले के टॉप-3 में दो बालक के साथ एक बालिका शामिल हैं.

डॉक्टर बनकर समाज की सेवा करना लक्ष्य : राखी

संग्रामपुर

. मैट्रिक परीक्षा में इस साल 478 अंक के साथ 95.6 प्रतिशत अंक लाकर जिला टॉपर राखी कुमारी प्लस टू उच्च विद्यालय मंझगांय की छात्रा है. उसने अपनी सफलता का श्रेय शिक्षक विद्याधर मिश्रा, चंदन कुमार तथा विभाष कुमार के साथ अपने माता-पिता को दिया. उसने कहा कि सभी के सहयोग तथा स्वाध्याय के बल पर उसे यह सफलता मिली है. उसने कठिन सवालों का समाधान जानने के लिए मोबाइल का भी सहारा लिया, लेकिन वह सोशल मीडिया से दूर रही. उसने बताया कि वह आगे की पढ़ाई कर डॉक्टर बनना चाहती है और समाज की सेवा करना चाहती है. राखी के पिता पप्पू कुमार मैकेनिक का काम करते हैं और उनकी रामपुर में पप्पू इलेक्ट्रानिक नाम की दुकान भी है. माता भारती देवी ने भी बेटी की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त की.

वहीं संग्रामपुर की सोनाक्षी कुमारी ने 471 अंक प्राप्त किया है. उसने जिले की टॉप-10 सूची में 7वां स्थान हासिल किया है. सोनाक्षी ददरीजाला पंचायत के भलुआ गांव निवासी की है. उनके पिता मदन शाह मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं.

सेना में जाकर देश की करनी है सेवा : रितिक

हवेली खड़गपुर.

हवेली खड़गपुर के हाई स्कूल लोहची के छात्र रितिक कुमार ने 477 अंक के साथ 95.4 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जिले में दूसरा स्थान हासिल किया है. रितिक कुमार नाकी पंचायत के लोहची निवासी डिस्को साह का पुत्र है, जिनकी लोहची में ही एक छोटी सी मिठाई की दुकान है. रितिक अपनी पढ़ाई के साथ अपने पिता के काम में भी हाथ बंटाता है. रितिक की उपलब्धि पर उसके दादा देवी प्रसाद साह, मां लीलावती देवी काफी खुश हैं. रितिक ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता के साथ स्कूल के शिक्षकों को दी. रितिक ने बताया कि आगे वह नेशनल डिफेंस एकेडमी में जाना चाहता है, ताकि सेना में जाकर देश की सेवा कर सके.

वहीं नगर क्षेत्र के झील पथ स्थित राजकीय प्लस टू उच्च माध्यमिक विद्यालय के छात्र गोलू कुमार ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए 470 अंक के साथ 94 प्रतिशत अंक प्राप्त किया है. गोलू कुमार ने अनुमंडल स्तर पर दूसरा स्थान हासिल किया है. इस उपलब्धि से उनके विद्यालय, अभिभावकों एवं पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है. नगर के पश्चिम अजीमगंज निवासी संजय कुमार यादव का पुत्र गोलू कुमार ने बताया कि उसने ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों पढ़ाई की. उसने अपनी उपलब्धि का श्रेय माता-पिता के साथ अपने शिक्षकों को दिया.

किसान पुत्र लोकेश ने जिले में प्राप्त किया तीसरा स्थान

मुंगेर.

जिले का तीसरा टॉपर लोकेश भारद्वाज सदर प्रखंड के कुतलुपुर दियारा स्थित बहादुरनगर गांव के कचहरी टोला वार्ड संख्या-17 का रहने वाला है. उसने मैट्रिक परीक्षा में 476 अंक के साथ 95.2 प्रतिशत हासिल किया है. लोकेश के पिता पंकज कुमार सिंह किसान हैं तथा मां बुलबुल देवी गृहणी हैं. लोकेश ने बताया कि परीक्षा फल प्रकाशन से पहले 26 मार्च को बीएसईबी के माध्यम से उसे पटना बुलाया गया था तथा वहां लिखित जांच भी की गयी. उसने बताया कि उसके माता-पिता, चाचा सहित परिवार के अन्य सदस्यों ने उसे पढ़ने के लिए हमेशा प्रोत्साहित किया. वह आगे पढ़ाई कर सिविल सर्विसेज की तैयारी करना चाहता है. उसने अपनी पढ़ाई के लिए मोबाइल का सहारा भी लिया, जिससे काफी मदद मिली, लेकिन जरूरी है कि पढ़ाई के अलावा हम ऑनलाइन से खुद को दूर रखें.

सांभवी ने मैट्रिक परीक्षा में हासिल किया 474 अंक

असरंगज

. प्रखंड के रहमतपुर वासा गांव की सुनील चौबे की पुत्री सांभवी ने इस साल मैट्रिक परीक्षा में 474 अंक प्राप्त हासिल किया है. सांभवी ने बताया कि वह प्रतिदिन 16 से 17 घंटे तक पढ़ाई करती थी. साथ ही उसने कोचिंग भी ज्वाइन की थी. पढ़ाई के दौरान उसने इंटरनेट का उपयोग किया, लेकिन सोशल मीडिया से दूरी बनाए रखा. वह आगे चलकर आइएएस बनकर देश की सेवा करना चाहती है. सांभवी के पिता जीविका चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं, जबकि उनकी मां सरिता देवी गृहिणी हैं. मां ने बताया कि सांभवी घर के कामों के साथ घंटों बैठकर पढ़ाई करती थी. सांभवी के बचपन के शिक्षक प्रवीण कुमार ने बताया कि वह शुरू से ही प्रतिभाशाली छात्रा रही है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: RANA GAURI SHAN

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >