अस्पताल प्रबंधक पर दुर्व्यवहार का आरोप लगा सफाईकर्मियों ने किया प्रदर्शन

अस्पताल प्रबंधक बोले-किसी भी सफाईकर्मी के साथ नहीं किया गया है दुर्व्यवहार

सिविल सर्जन व डीपीएम को शिकायत पत्र देकर की कार्रवाई की मांग

मुंगेर. सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में बुधवार की देर शाम एनएसएसवी एजेंसी के सफाईकर्मी के साथ अस्पताल प्रबंधक मो तौसिफ हसनैन द्वारा दुर्व्यवहार किये जाने का आरोप लगाया जा रहा है. इसको लेकर गुरुवार को अस्पताल के सफाईकर्मियों ने प्रदर्शन किया. इस दौरान सफाईकर्मियों ने सिविल सर्जन व जिला स्वास्थ्य समिति कार्यालय के समीप नारेबाजी करते हुए सिविल सर्जन और डीपीएम को शिकायत पत्र भी सौंपा.

सफाईकर्मी सोनू कुमार, दिनेश कुमार, किशन मल्लिक, मुकेश कुमार, निर्मल कुमार, संजय मल्लिक आदि ने बताया कि हमलोग अस्पताल के वार्ड में वर्षों से कार्य कर रहे हैं और अस्पताल प्रबंधक सफाईकर्मियों से कार्य कराते हैं. इसके बावजूद आये दिन अस्पताल प्रबंधक सफाईकर्मियों को गाली देते हैं और सुपरवाइजर से भी दुर्व्यवहार करते हैं. सफाईकर्मियों ने बताया कि बुधवार की देर शाम एक अज्ञात मरीज को अस्पताल लाया गया था. उसकी सफाई करने में विलंब होने के कारण अस्पताल प्रबंधक ने दुर्व्यवहार किया. इसके अतिरिक्त भी पिछले दिनों दूसरे तल पर काम कर रहे सफाइकर्मी वीरू कुमार को अस्पताल प्रबंधन ने मामूली बात पर न केवल कार्य से हटाने की धमकी दी, बल्कि उससे कहा कि गला मराेड़ के नीचे फेंक देंगे. सफाईकर्मियों ने सिविल सर्जन से मांग की कि आये दिन सफाईकर्मियों के साथ अस्पताल प्रबंधक द्वारा किये जा रहे दुर्व्यवहार पर संज्ञान लेकर इसका निराकरण किया जाये, ताकि सफाईकर्मी सुचारू रूप से अपना कार्य कर सकें.

कहते हैं अस्पताल प्रबंधक

अस्पताल प्रबंधक मो तौसिफ हसनैन ने बताया कि बुधवार की शाम एक अज्ञात मरीज को लाया गया था. उससे निकल रही दुर्गंध से आसपास के मरीज व चिकित्सक परेशान थे. इसे लेकर सफाईकर्मियों को मरीज को सही से बेड पर सुलाने और उसकी सफाई करने को कहा गया, लेकिन सफाईकर्मियों ने मरीज की सफाई करने से मना कर दिया. किसी भी सफाईकर्मी के साथ दुर्व्यवहार नहीं किया गया है.

कहते हैं सिविल सर्जन

सिविल सर्जन डॉ राजू ने बताया कि मामले की जानकारी मिली थी. सफाईकर्मियों से बुलाकर बात की गयी है. मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जायेगी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: AMIT JHA

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >