Naxal Operation: मुंगेर जिले के धरहरा प्रखंड अंतर्गत लड़ैयाटांड़ थाना क्षेत्र के भैंसादह जंगल में एसटीएफ और मुंगेर जिला पुलिस की संयुक्त टीम ने नक्सल विरोधी अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की है. सघन सर्च अभियान के दौरान जंगल में छिपाकर रखी गई नक्सलियों की सामग्री और नक्सली साहित्य बरामद किया गया. पुलिस ने जब्त सामान के आधार पर नक्सली नेटवर्क की जांच शुरू कर दी है.
जंगल में चलाया गया सघन सर्च अभियान
एसटीएफ की ओर से मिली जानकारी के अनुसार नक्सल प्रभावित जंगल और पहाड़ी क्षेत्रों में संयुक्त टीम द्वारा व्यापक तलाशी अभियान चलाया गया. अभियान के दौरान नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखी गई कई उपयोगी सामग्री बरामद हुई.
वर्दी, कैन कंटेनर और साहित्य बरामद
सर्च अभियान में 10 किलोग्राम क्षमता का एक खाली कैन कंटेनर, पानी से भरे छह कैन कंटेनर, नक्सली वर्दी के दो सेट, एक बैग, दो इलेक्ट्रिक क्लिप, इलेक्ट्रिक वायर, एक नक्सली साहित्य तथा अन्य दस्तावेज बरामद किए गए. पुलिस अधिकारियों के अनुसार इन सामग्रियों को नक्सलियों ने जंगल में छिपाकर रखा था.
नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
बरामद सभी सामान को जब्त कर लिया गया है. पुलिस अब इनके आधार पर नक्सलियों के नेटवर्क, गतिविधियों और संभावित ठिकानों की जानकारी जुटाने में लगी है. अधिकारियों का मानना है कि जांच से महत्वपूर्ण सुराग मिल सकते हैं.
मामला दर्ज, अभियान रहेगा जारी
Naxal Operation: पुलिस अधीक्षक सैयद इमरान मसूद ने बताया कि इस मामले में लड़ैयाटांड़ थाना में कांड दर्ज कर विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है. उन्होंने कहा कि नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में लगातार सर्च अभियान चलाया जा रहा है और उग्रवादी गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए सुरक्षा बल पूरी तरह सतर्क हैं. क्षेत्र में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए संयुक्त अभियान आगे भी जारी रहेगा.
