नगर मुख्यालय के सबसे व्यस्त इलाकों में शामिल हाट चौक पर बुधवार को उस समय अफरा-तफरी मच गयी, जब नंदलाल बसु दुर्गा मंदिर के समीप बालू से लदा भारी ट्रक सड़क पर पलट गया. ट्रक के पलटने के बाद उस पर लदा बालू मुख्य सड़क पर फैल गया, जिससे वाहनों की आवाजाही बाधित हो गयी और आसपास जाम की स्थिति बन गयी. हादसे के वक्त ट्रक की चपेट में कोई राहगीर या दूसरा वाहन नहीं आया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया.
तीखे मोड़ पर चालक ने खोया नियंत्रण
जानकारी के अनुसार बालू लदा 18 चक्का ट्रक बरियारपुर से हवेली खड़गपुर होते हुए जमुई की ओर जा रहा था. इसी दौरान हाट चौक स्थित नंदलाल बसु दुर्गा मंदिर के समीप बने तीखे मोड़ पर चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया. देखते ही देखते भारी ट्रक सड़क किनारे पलट गया. ट्रक के पलटते ही बड़ी मात्रा में बालू सड़क पर फैल गया.
घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गयी. सड़क पर बालू और ट्रक के पड़े रहने से वाहनों को निकलने में परेशानी हुई. वाहन चालकों को सड़क के बचे हिस्से से काफी सावधानी के साथ गुजरना पड़ा.
खतरनाक मोड़ पर पहले भी हो चुके हैं हादसे
नंदलाल बसु चौक का यह मोड़ लंबे समय से दुर्घटना की दृष्टि से संवेदनशील माना जाता है. बरियारपुर की तरफ से आने वाले वाहनों को यहां अचानक तीखा मोड़ लेना पड़ता है. चौक के आसपास घनी आबादी और बड़ी संख्या में व्यावसायिक प्रतिष्ठान होने के कारण दिनभर पैदल राहगीरों के साथ छोटे-बड़े वाहनों की आवाजाही बनी रहती है.
स्थानीय लोगों के अनुसार इस मोड़ पर पहले भी कई सड़क दुर्घटनाएं हो चुकी हैं. बुधवार को भारी ट्रक के पलटने की घटना ने एक बार फिर इस मोड़ पर यातायात सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है. लोगों ने यहां वाहनों की गति नियंत्रित करने और सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम की जरूरत बतायी.
बालू हटाने के बाद क्रेन से निकलेगा ट्रक
हादसे के बाद सड़क पर फैले बालू को हटाने की कवायद शुरू की गयी. ट्रक को सीधा करने से पहले उसके ऊपर लदे बालू को खाली किया जा रहा है. इसके बाद क्रेन की मदद से ट्रक को उठाकर सड़क से हटाया जायेगा. इसके बाद ही यातायात पूरी तरह सामान्य होने की उम्मीद है.
थानाध्यक्ष राजेश कुमार ने बताया कि चालक के नियंत्रण खो देने के कारण बालू लदा ट्रक पलट गया. दुर्घटना में किसी प्रकार की जान-माल की क्षति की सूचना नहीं है. ट्रक को क्रेन की मदद से हटाने की प्रक्रिया की जा रही है.
