बेघरों को मिलेगा आशियाना, स्ट्रीट वेंडर्स को लोन; जमालपुर नगर परिषद की बैठक में लिए गए ये बड़े फैसले

जमालपुर नगर परिषद क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं के निराकरण के लिए एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. इस बैठक में बेघर लोगों के लिए जमीन आवंटन और स्ट्रीट वेंडर्स के लिए पीएम स्वनिधि योजना के तहत ऋण सुविधा जैसे प्रमुख फैसलों पर चर्चा हुई.

जमालपुर. नगर परिषद के सभागार में सोमवार को मुख्य पार्षद की अध्यक्षता में नगर परिषद क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं के निराकरण को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गयी. बैठक में उप मुख्य पार्षद अंजली कुमारी और कार्यपालक पदाधिकारी विजयशील गौतम मुख्य रूप से उपस्थित रहे.बैठक में शहर की साफ-सफाई, घर-घर कचरा उठाव, नाली-गली, स्ट्रीट लाइट, प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना और पीएम स्वनिधि योजना समेत कई मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गयी.

सितंबर के अंत तक सफाई और स्ट्रीट लाइट व्यवस्था बेहतर करने का प्रयास

बैठक में बताया गया कि पूजा से पहले सितंबर माह के अंत तक शहर की साफ-सफाई और स्ट्रीट लाइट व्यवस्था को दुरुस्त करने का प्रयास किया जायेगा. वार्ड पार्षदों और उनके प्रतिनिधियों ने कहा कि शहरी क्षेत्र के सभी वार्डों में प्रत्येक घर से नियमित रूप से कूड़े का उठाव नहीं हो पा रहा है. पार्षदों ने कहा कि घर-घर कचरा उठाव सुनिश्चित करने के लिए हैंड ट्रॉली की संख्या बढ़ाना जरूरी है, ताकि सफाई कर्मी सभी घरों तक पहुंच सकें. कार्यपालक पदाधिकारी ने सदन को इस दिशा में उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया.

बड़े नालों पर अतिक्रमण और चौड़ाई कम होने का मुद्दा उठा

पार्षद साईं शंकर ने बैठक में नगर परिषद के बड़े नालों पर अतिक्रमण का मुद्दा उठाया. उन्होंने कहा कि अतिक्रमण के कारण नालों की चौड़ाई कम होती जा रही है. पार्षद मुकेश शर्मा ने कहा कि कई स्थानों पर नए नाले के निर्माण के दौरान पुराने नाले की दीवार को छोड़कर निर्माण किया जाता है. इससे नाले की चौड़ाई कम हो जाती है और अतिक्रमण को बढ़ावा मिलता है. उन्होंने जुबली बेल चौक और धर्मशाला रोड का उदाहरण दिया. मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्यपालक पदाधिकारी ने जूनियर इंजीनियर को संबंधित स्थलों की जांच करने का निर्देश दिया.

आवास योजना के लाभुकों ने शेष किस्त की राशि की मांग उठाई

प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना की समीक्षा के दौरान पार्षद राकेश तिवारी ने कहा कि कुछ लाभुकों को पहली किस्त और कुछ को दूसरी किस्त की राशि मिल चुकी है, लेकिन कई लाभुकों को अभी शेष राशि का इंतजार है. इस पर कार्यपालक पदाधिकारी विजयशील गौतम ने बताया कि योजना की राशि का आवंटन अभी नहीं हो पाया है. आवंटन मिलते ही लाभुकों के खाते में किस्त की राशि भेज दी जायेगी. वार्ड पार्षदों ने प्रत्येक वार्ड के लाभुकों की सूची उपलब्ध कराने की मांग की. कार्यपालक पदाधिकारी ने लाभुकों की सूची नगर परिषद के नोटिस बोर्ड पर चिपकाने की बात कही.

बेघर लोगों के लिए जमीन चयनित, मल्टी स्टोरी भवन की मांग

कार्यपालक पदाधिकारी ने बताया कि बेघर लोगों के आवास के लिए बड़ी आशिकपुर में जमीन का चयन कर लिया गया है. इस दौरान पार्षद साईं शंकर ने फरीदपुर मौजा में चयनित भूमि से जुड़े मामले का भी जल्द समाधान करने की मांग की.

उन्होंने कहा कि यदि वहां जमीन उपलब्ध है तो बेघर लोगों के लिए उस स्थान पर भी बहुमंजिला आवासीय भवन का निर्माण कराया जाना चाहिए.

पीएम स्वनिधि योजना के तहत स्ट्रीट वेंडरों को मिलेगा ऋण

प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना की चर्चा के दौरान कार्यपालक पदाधिकारी ने बताया कि यह योजना स्ट्रीट वेंडरों के लिए ऋण सुविधा पर आधारित है. इच्छुक लाभुकों को पहली बार 15 हजार रुपये, दूसरी बार 25 हजार रुपये और तीसरी बार 50 हजार रुपये तक का ऋण उपलब्ध कराया जाता है.

उन्होंने बताया कि योजना का लाभ लेने के लिए ऑनलाइन आवेदन करना होगा. वंचित पात्र लाभुकों से आवेदन कराने की व्यवस्था की जा सकती है.

दर्जनों वार्ड पार्षद और प्रतिनिधि रहे मौजूद

बैठक में पार्षद सुदेश मंडल, कैलाश सिंह, राकेश तिवारी, रुपेश कुमार के साथ पार्षद प्रतिनिधि जुम्मन आलम और दिलीप कुमार ताती सहित दर्जनों वार्ड पार्षद मौजूद थे. बैठक में नगर परिषद क्षेत्र की समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर कार्रवाई करने पर जोर दिया गया.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By विजय कुमार गुप्ता

विजय कुमार गुप्ता 20 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. ये सामाजिक, राजनीतिक और आपराधिक नब्ज को करीब से समझते हैं. इन्हें डिजिटल मीडिया में नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल के साथ प्रयोग करना बेहद पसंद है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >