हंगामे के साथ संपन्न हुआ नगर निगम बोर्ड की बैठक, धरी की धरी रह गयी कई मुद्दे
मुंगेर . नगर निगम सभागार में मंगलवार को आयोजित बोर्ड की बैठक कई महत्वपूर्ण मुद्दों को लेकर चर्चा के केंद्र में रही. महापौर कुमकुम देवी की अध्यक्षता में हुई बैठक में गौशाला के जीर्णोद्धार, निगम की दुकानों के नये इकरारनामे, टैक्स वसूली व्यवस्था तथा विभिन्न विकास योजनाओं पर चर्चा हुई. हालांकि बैठक का अंतिम समय हंगामे की भेंट चढ़ गयी और कई मुद्दे धरी की धरी रह गयी. बैठक में डिप्टी मेयर खालिद हुसैन, नगर आयुक्त पार्थ गुप्ता आदि मौजूद थे.
गौशाला की आय का 80 प्रतिशत हिस्सा रखेंगी निगम
बैठक की शुरुआत नवगठित सशक्त स्थायी समिति के सदस्यों के स्वागत के साथ हुई. महापौर ने उम्मीद जतायी कि नये सदस्य शहर के विकास और जनसमस्याओं के समाधान में सक्रिय भूमिका निभाएंगे. बैठक में पिछली बोर्ड और सशक्त स्थायी समिति की कार्यवाही की पुष्टि के बाद वार्ड पार्षदों एवं आम नागरिकों से प्राप्त आवेदनों पर विचार किया गया. वार्ड पार्षद अनिल सिंह द्वारा गौशाला की स्थिति को लेकर उठाये गये सवाल पर नगर आयुक्त पार्थ गुप्ता ने बताया कि नगर निगम और गौशाला प्रबंधन समिति के बीच पहले ही इकरारनामा हो चुका है. इसके तहत निगम की ओर से गौशाला का जीर्णोद्धार कराया जायेगा. उन्होंने बताया कि निगम द्वारा खर्च की गयी राशि की भरपाई होने तक गौशाला की आय का 80 प्रतिशत हिस्सा निगम और 20 प्रतिशत हिस्सा गौशाला समिति को मिलेगा, ताकि गायों के रखरखाव में किसी प्रकार की परेशानी न हो. बाद में दोनों पक्षों के बीच आय का बंटवारा बराबर-बराबर किया जायेगा.
जीविका समूह संचालित करेंगी गौशाला
नगर आयुक्त ने बताया कि गौशाला के संचालन की जिम्मेदारी जीविका समूह को सौंपने की तैयारी चल रही है तथा इसके लिए नई गौशाला विकास समिति का गठन किया जायेगा. बैठक में निगम की दुकानों और टैक्स वसूली व्यवस्था को लेकर भी कई अहम निर्णयों पर चर्चा हुई. नगर आयुक्त ने बताया कि टैक्स संग्रहण के लिए नई एजेंसी चयनित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गयी है और टेंडर जारी किया जा चुका है. विदित हो कि वर्तमान एजेंसी को छह माह का विस्तार दिया गया है. जिसका छह माह बीत चुका है.
एक व्यक्ति के नाम रहेगा एक स्टॉल, बढ़ेगा 50 प्रतिशत किराया
नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया कि निगम की जिन दुकानों पर एक ही व्यक्ति का एक से अधिक कब्जा पाया जाएगा, उनका आवंटन रद्द कर दिया जायेगा. दुकानों के लिए नये सिरे से इकरारनामा किया जा रहा है. लंबे समय से किराया नहीं बढ़ने के कारण पूर्व निर्णय के अनुसार 50 प्रतिशत किराया वृद्धि लागू होगी. जिन दुकानदारों के पास पुराने इकरारनामे की प्रति नहीं है, उनसे एसडीएम द्वारा निर्धारित दर से किराया लिया जाएगा. वहीं बिना वैध दस्तावेज वाले दुकानदारों को हटाकर दुकानों की पुनः डाक प्रक्रिया करायी जायेगी.
निर्माण कार्य शुरू होने की सूचना वार्ड पार्षदों को मिले
बैठक में कौड़ा मैदान स्थित निगम की भूमि की सुरक्षा, सड़क-नाला निर्माण और सबमर्सिबल बोरिंग से जुड़े प्रस्तावों पर भी चर्चा हुई. कुछ पार्षदों ने निर्माण कार्य शुरू होने से पहले जनप्रतिनिधियों को सूचना नहीं देने पर नाराजगी जतायी. इस पर नगर आयुक्त ने कहा कि ऐसा कोई प्रावधान नहीं है, लेकिन निर्माण कार्य की गुणवत्ता खराब होने पर शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जायेगी.
हंगामे की भेंट चढ़ी बैठक का अंतिम चरण
बैठक के अंतिम चरण में अन्यान विषय पर चर्चा शुरू हुई. वार्ड संख्या-23 की पार्षद नसरीन बानों ने कहा कि वह अपने वार्ड में एक सड़क निर्माण के लिए कई बार लिखित में दिया. उनको इतना बोलना ही था कि वार्ड संख्या-24 का पार्षद अमोद कुमार टोक दिया. क्योंकि अमोद कुमार वार्ड संख्या-23 में रहते है, दोनों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया और माहौल पूरी तरह से तनावपूर्ण हो गया. दोनों पक्षों के समर्थक पार्षद की गुटबाजी शुरू हो गया. स्थिति बिगड़ती देख महापौर, उपमहापौर, नगर आयुक्त तथा सुरक्षा कर्मियों ने हस्तक्षेप कर मामला शांत कराया. इसके बाद बैठक समाप्त घोषित कर दी गई. हंगामे के कारण कई अहम मुद्दों पर चर्चा नहीं हो सकी और अंतिम चरण हंगामे की भेंट चढ़ गयी.
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.