Munger Weather Update: मुंगेर में गर्मी ने एक बार फिर अपना रौद्र रूप दिखाना शुरू कर दिया है. मंगलवार की सुबह सात बजे के बाद ही सूर्य की तीखी किरणों ने लोगों को परेशान करना शुरू कर दिया. दिन चढ़ने के साथ ही तेज धूप, तपती हवाओं और उमस ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दीं. मौसम का असर सड़क से लेकर बाजार और दैनिक गतिविधियों तक साफ दिखाई देने लगा है.
मंगलवार को जिले का अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहा. हालांकि मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि बढ़ी हुई नमी और उमस के कारण लोगों को 40 डिग्री सेल्सियस जैसी गर्मी का एहसास हो रहा है.
तापमान से ज्यादा महसूस हो रही गर्मी
मौसम जानकारों के अनुसार जब तापमान के साथ हवा में नमी बढ़ जाती है तो शरीर को वास्तविक तापमान से अधिक गर्मी महसूस होती है. मुंगेर में इन दिनों यही स्थिति बनी हुई है. सुबह से ही वातावरण में चिपचिपाहट महसूस की जा रही है, जिससे लोग बेचैन नजर आ रहे हैं.
दोपहर के समय बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर लोगों की आवाजाही भी कम देखी जा रही है. कई लोग जरूरी काम सुबह या शाम के समय ही निपटाने को प्राथमिकता दे रहे हैं.
धीमी रफ्तार की गर्म हवाएं भी बन रहीं परेशानी
मंगलवार को पूरब-उत्तर दिशा से लगभग 9 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गर्म हवा चलती रही. हवा की गति कम होने के कारण वातावरण में गर्मी और उमस बनी रही. मौसम के इस बदले मिजाज ने बच्चों, बुजुर्गों और बाहर काम करने वाले लोगों की परेशानी बढ़ा दी है.
Health Alert: लू से बचाव के लिए बरतें सावधानी
मौसम की मौजूदा स्थिति को देखते हुए स्वास्थ्य विशेषज्ञ लोगों को सतर्क रहने की सलाह दे रहे हैं. दिन के समय अनावश्यक रूप से घर से बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त मात्रा में पानी पीने और सीधे धूप के संपर्क में कम रहने की सलाह दी जा रही है. आने वाले दिनों में तापमान और बढ़ने की संभावना के बीच लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है.
