Munger University Result : मुंगेर विश्वविद्यालय ने सत्र 2024-27 के पीजी सेमेस्टर-4 (कला, विज्ञान एवं वाणिज्य संकाय) का परीक्षा परिणाम घोषित कर दिया है. इस संबंध में विश्वविद्यालय की ओर से आधिकारिक सूचना भी जारी की गई है. छात्र विश्वविद्यालय के पोर्टल पर जाकर अपना रिजल्ट देख सकते हैं.
कला, विज्ञान और वाणिज्य का रिजल्ट घोषित
विश्वविद्यालय की ओर से जारी सूचना के अनुसार पीजी सेमेस्टर-4 के कला, विज्ञान और वाणिज्य तीनों संकायों का परिणाम जारी कर दिया गया है. परीक्षार्थी अपने रोल नंबर और अन्य आवश्यक विवरण की मदद से विश्वविद्यालय के पोर्टल पर परिणाम देख सकते हैं.
3 से 6 जुलाई के बीच हुई थी परीक्षा
गौरतलब है कि पीजी सेमेस्टर-4 की परीक्षा 3 जुलाई से 6 जुलाई 2026 के बीच आयोजित की गई थी. परीक्षा के लिए विश्वविद्यालय ने पांच परीक्षा केंद्र बनाए थे, जहां शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त माहौल में परीक्षा संपन्न कराई गई थी.
जल्द शुरू होगी स्क्रूटनी की प्रक्रिया
विश्वविद्यालय प्रशासन ने बताया कि जिन विद्यार्थियों को अपने प्राप्त अंकों पर आपत्ति है या जो अपने परिणाम से संतुष्ट नहीं हैं, उनके लिए जल्द ही स्क्रूटनी (उत्तरपुस्तिका पुनर्मूल्यांकन/सत्यापन) की प्रक्रिया शुरू की जाएगी.
स्क्रूटनी से संबंधित आवेदन प्रक्रिया, शुल्क और अंतिम तिथि की जानकारी विश्वविद्यालय अलग से अधिसूचना जारी कर उपलब्ध कराएगा.
छात्र नियमित रूप से देखें विश्वविद्यालय की सूचना
विश्वविद्यालय ने विद्यार्थियों से अपील की है कि वे रिजल्ट और स्क्रूटनी से जुड़ी ताजा जानकारी के लिए विश्वविद्यालय की आधिकारिक सूचनाओं पर नियमित नजर बनाए रखें.
