Munger News: मुंगेर जिले के जमालपुर थाना क्षेत्र से लापता 10वीं के छात्र शिवम कुमार का शव शुक्रवार सुबह गंगा नदी से बरामद होने के बाद परिवार में कोहराम मच गया. 16 वर्षीय शिवम का शव सीताकुंड गांव के समीप गंगा में मछली पकड़ने के लिए लगाए गए जाल में फंसा मिला. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है. वहीं पुलिस अब मौत के कारणों का पता लगाने के लिए सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है.
बुधवार शाम घर से निकला था शिवम
जानकारी के अनुसार, शिवम कुमार जमालपुर थाना क्षेत्र के खलासी मोहल्ला निवासी वीरेंद्र बिंद का पुत्र था. वीरेंद्र बिंद मुंगेर नगर निगम में जमादार के पद पर कार्यरत हैं. परिजनों ने बताया कि बुधवार शाम शिवम ट्यूशन पढ़कर घर लौटा था. इसके बाद शाम करीब सात बजे वह दोबारा घर से बाहर निकला, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा. जब काफी देर तक उसका कोई पता नहीं चला तो परिवार ने उसकी तलाश शुरू की और पुलिस को सूचना दी. मोबाइल पर लगातार संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला.
पहले मिला मोबाइल और चप्पल, फिर शुरू हुआ सर्च ऑपरेशन
गुरुवार सुबह जांच के दौरान श्रीकृष्ण सेतु पुलिस पिकेट के पास शिवम का मोबाइल बरामद हुआ. वहीं सेतु के पाया संख्या-9 के समीप उसकी चप्पल भी मिली. इन सुरागों के आधार पर पुलिस, एसडीआरएफ और गोताखोरों की टीम ने गंगा में घंटों तलाश अभियान चलाया, लेकिन उस समय शिवम का कोई पता नहीं चल सका.
Munger News: शुक्रवार सुबह गंगा में मिला शव
शुक्रवार सुबह सीताकुंड गांव के समीप गंगा में मछुआरों के जाल में एक शव फंसा मिला. सूचना मिलने पर पुलिस और परिजन मौके पर पहुंचे. परिजनों ने शव की पहचान शिवम कुमार के रूप में की. इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया. शव मिलने के बाद परिवार में मातम छा गया और स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई.
प्रेम प्रसंग के एंगल पर भी जांच
पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि शिवम का पिछले लगभग दो वर्षों से एक युवती के साथ प्रेम संबंध था. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घटना वाले दिन दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद होने की बात भी सामने आई है.
इसी आधार पर परिजनों ने युवती के परिजनों पर अपहरण कर हत्या करने और शव को गंगा में फेंकने का आरोप लगाया है. उन्होंने पहले ही जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक से मिलकर निष्पक्ष जांच तथा दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की थी. हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है.
बिहार की ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें
पुलिस का कहना है कि फिलहाल मौत के कारणों का पता लगाने के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है. जांच में प्रेम प्रसंग, संभावित हत्या, दुर्घटना और अन्य सभी पहलुओं को शामिल किया गया है. वैज्ञानिक साक्ष्यों, तकनीकी जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी के आधार पर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी.
Also Read: जमालपुर में ट्यूशन पढ़ने निकला 10वीं का छात्र लापता, गंगा किनारे मिली चप्पल और मोबाइल
