मुंगेर विश्वविद्यालय से राज्य स्तरीय रेड रन प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए मुंगेर जिले के छह प्रतिभागियों का दल सोमवार को पटना के लिए रवाना हुआ. विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में कुलसचिव डॉ. घनश्याम राय ने एनएसएस का फ्लैग दिखाकर टीम को रवाना किया. प्रतियोगिता का आयोजन 28 जुलाई को पाटलिपुत्र स्टेडियम, पटना में किया जायेगा.
28 जुलाई को पाटलिपुत्र स्टेडियम में होगी प्रतियोगिता
मुंगेर विश्वविद्यालय के एनएसएस समन्वयक मुनींद्र कुमार सिंह ने बताया कि राज्य स्तरीय रेड रन प्रतियोगिता युवाओं को स्वास्थ्य एवं सामाजिक मुद्दों के प्रति जागरूक करने की महत्वपूर्ण पहल है. इस अभियान का उद्देश्य स्वस्थ समाज और जागरूक राष्ट्र का निर्माण करना है. विशेष रूप से एचआईवी-एड्स जैसे गंभीर स्वास्थ्य विषयों पर युवाओं में जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है.
महिला और पुरुष वर्ग के छह प्रतिभागी करेंगे प्रतिनिधित्व
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में महिला वर्ग से बिहार फॉरेस्ट्री कॉलेज एंड रिसर्च इंस्टीट्यूट, मुंगेर की अंचला कुमारी, आरडी एंड डीजे कॉलेज की स्नेहा कुमारी एवं सविता कुमारी भाग लेंगी. वहीं पुरुष वर्ग में जेएमएस कॉलेज के सुधांशु कुमार, जमालपुर कॉलेज के सोनू कुमार तथा आरएस कॉलेज तारापुर के मंगल कुमार मुंगेर जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे.
रेड रन केवल दौड़ नहीं, जनजागरूकता अभियान
कुलसचिव डॉ. घनश्याम राय ने कहा कि रेड रन प्रतियोगिता केवल एक खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि समाज को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने का सशक्त अभियान है. उन्होंने कहा कि युवाओं की सक्रिय भागीदारी से समाज में सकारात्मक संदेश जाएगा और स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता को बढ़ावा मिलेगा.
कई अधिकारी रहे मौजूद
प्रतिभागियों को रवाना करने के अवसर पर बीआरएम कॉलेज की प्रभारी प्राचार्या डॉ. वंदना कुमारी, एनएसएस के सौरव शांडिल्य सहित विश्वविद्यालय के अन्य पदाधिकारी एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे.
