हवेली खड़गपुर (मुंगेर) से रतन झा की रिपोर्ट:
Munger news: नगर में लगातार बढ़ रही जाम की समस्या आम लोगों के लिए परेशानी का सबब बनती जा रही है. सड़क किनारे गलत तरीके से वाहन खड़े किए जाने, ठेला लगाकर सब्जी और फल बेचने तथा ई-रिक्शा चालकों की मनमानी के कारण मुख्य सड़कों पर दिनभर यातायात बाधित रहता है.
स्थानीय लोगों के अनुसार नगर की सड़कों के दोनों किनारों पर फल और सब्जी विक्रेताओं द्वारा अतिक्रमण कर लिया जाता है. वहीं कई ई-रिक्शा और चार पहिया वाहन चालक अपने वाहन सड़क पर ही खड़े कर देते हैं, जिससे सड़क संकरी हो जाती है और थोड़ी-थोड़ी देर पर जाम की स्थिति उत्पन्न हो जाती है.
ई-रिक्शाओं की बढ़ती संख्या बनी चुनौती
नगर में ई-रिक्शाओं की संख्या लगातार बढ़ रही है. कई चालक सवारी के इंतजार में बीच सड़क पर ही वाहन रोक देते हैं, जिससे यातायात व्यवस्था प्रभावित होती है. बाजार क्षेत्र में यह समस्या और भी गंभीर हो जाती है, जहां लोगों को लंबी देर तक जाम में फंसे रहना पड़ता है.
पार्किंग और ट्रैफिक व्यवस्था का अभाव
स्थानीय लोगों का कहना है कि हवेली खड़गपुर में ट्रैफिक पुलिस की स्थायी व्यवस्था नहीं है. इसके अलावा बाजार आने वाले लोगों के लिए पार्किंग की भी कोई समुचित व्यवस्था नहीं है. नतीजतन लोग अपने वाहन सड़क किनारे ही खड़े कर देते हैं, जिससे जाम की समस्या और बढ़ जाती है.
अतिक्रमण हटने के बाद भी नहीं मिली राहत
नगर में हाल के दिनों में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई थी, लेकिन इसके बावजूद जाम की समस्या पूरी तरह समाप्त नहीं हो सकी है. लोगों का कहना है कि नियमित निगरानी और प्रभावी ट्रैफिक प्रबंधन के अभाव में स्थिति फिर से पहले जैसी हो गई है.
प्रशासन से समाधान की मांग
नगरवासियों ने प्रशासन से स्थायी पार्किंग स्थल, ट्रैफिक नियंत्रण व्यवस्था तथा ई-रिक्शाओं के लिए निर्धारित स्टैंड बनाने की मांग की है. लोगों का मानना है कि इन व्यवस्थाओं के लागू होने से नगर को जाम की समस्या से काफी हद तक राहत मिल सकती है.
ALSO READ: कुरकुरे के कार्टन में छिपाकर ले जायी जा रही 2304 लीटर अंग्रेजी शराब जब्त
