Munger Medical Store Strike: मुंगेर से वीरेंद्र कुमार सिंह की रिपोर्ट — ऑनलाइन दवा कारोबार और दवाओं पर भारी छूट के विरोध में बुधवार को मुंगेर जिले की लगभग 900 थोक और खुदरा मेडिकल दुकानें बंद रहीं. मुंगेर केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन के आह्वान पर राष्ट्रीय हड़ताल का व्यापक असर जिलेभर में देखने को मिला. मेडिकल स्टोर बंद रहने के कारण मरीजों और उनके परिजनों को जरूरी दवाओं के लिए काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा.
सुबह से दवा बाजारों में पसरा रहा सन्नाटा
बुधवार सुबह से ही मुंगेर शहर के प्रमुख दवा बाजार पूरी तरह बंद नजर आए. पूरबसराय, बेकापुर, बड़ी बाजार, जमालपुर, हवेली खड़गपुर, तारापुर और असरगंज समेत कई इलाकों में मेडिकल स्टोर नहीं खुले.
आमतौर पर भीड़भाड़ रहने वाले दवा बाजारों में सन्नाटा पसरा रहा. कई मरीज और उनके परिजन जरूरी दवाओं के लिए एक दुकान से दूसरी दुकान तक भटकते दिखाई दिए. खासकर बुजुर्ग और गंभीर मरीजों को अधिक परेशानी उठानी पड़ी.
ऑनलाइन दवा बिक्री पर जताया विरोध
मुंगेर केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन के जिला सचिव अभिषेक कुमार बॉबी ने कहा कि ऑनलाइन दवा कंपनियों की वजह से छोटे और मध्यम स्तर के दवा व्यवसायियों की रोजी-रोटी प्रभावित हो रही है.
उन्होंने आरोप लगाया कि ऑनलाइन कंपनियां भारी छूट देकर बाजार व्यवस्था को बिगाड़ रही हैं. इससे पारंपरिक दवा कारोबार कमजोर हो रहा है और छोटे दुकानदार आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं.
मरीजों की सुरक्षा को लेकर भी उठाए सवाल
दवा व्यवसायियों ने कहा कि ऑनलाइन दवा बिक्री में कई बार बिना उचित जांच के दवाएं उपलब्ध कराई जाती हैं, जिससे मरीजों की सुरक्षा पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं.
व्यवसायियों का कहना है कि दवा एक संवेदनशील विषय है और इसकी बिक्री पूरी तरह नियंत्रित व्यवस्था के तहत होनी चाहिए. उन्होंने सरकार से ऑनलाइन दवा कारोबार को लेकर सख्त नियम लागू करने की मांग की.
सरकार से ठोस कार्रवाई की मांग
एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने कहा कि लंबे समय से इस मुद्दे को सरकार के सामने उठाया जा रहा है, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया. इसी कारण देशव्यापी हड़ताल का फैसला लिया गया.
दवा कारोबारियों ने चेतावनी दी कि यदि ऑनलाइन दवा बिक्री पर नियंत्रण नहीं किया गया तो भविष्य में छोटे दुकानदारों के सामने बड़ा संकट खड़ा हो सकता है.
