भीषण गर्मी में जल संकट से बेहाल मुंगेर, बूंद-बूंद पानी के लिए तरस रहे लोग
Munger News : चिलचिलाती धूप और भीषण गर्मी के बीच मुंगेर शहर में पानी की समस्या ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. हालत यह है कि सुबह होते ही मोहल्लों में पानी भरने के लिए लंबी कतारें लग रही हैं, जबकि नगर निगम अब गर्मी शुरू होने के बाद प्याऊ लगाने की तैयारी में जुटा है.
मुंगेर से राणा गौरी शंकर की रिपोर्ट : मुंगेर शहर में भीषण गर्मी के बीच पेयजल संकट लगातार गहराता जा रहा है. शहरी जलापूर्ति योजना की बदहाल स्थिति के कारण लोगों को बूंद-बूंद पानी के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है. शहर के कई वार्डों में लोग निजी बोरिंग, चापाकल और खरीदकर पानी लेने को मजबूर हैं. नगर निगम अब सभी वार्डों में समरसेबल सह प्याऊ लगाने की योजना पर काम कर रहा है, लेकिन लोगों को तत्काल राहत मिलती नहीं दिख रही है.
सुबह से लग रही पानी भरने वालों की कतार
गर्मी बढ़ने के साथ ही शहर में पानी की किल्लत गंभीर रूप ले चुकी है. कई मोहल्लों में सुबह होते ही पानी भरने के लिए लोगों की लंबी लाइन लग जाती है. महिलाओं और बच्चों को सुबह-शाम पानी की व्यवस्था करने में घंटों समय देना पड़ रहा है.
निजी बोरिंग और चापाकल पर बढ़ी निर्भरता
जलापूर्ति व्यवस्था चरमराने के कारण लोग निजी बोरिंग, चापाकल और बाजार से पानी खरीदकर अपनी जरूरत पूरी कर रहे हैं. सबसे अधिक परेशानी गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों को झेलनी पड़ रही है. भीषण गर्मी में पानी की कमी से जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है.
गर्मी शुरू होने के बाद जागा निगम प्रशासन
नगर निगम प्रशासन ने शहर के सभी 45 वार्डों में 90 समरसेबल सह प्याऊ लगाने की योजना बनायी है. इसके लिए निविदा प्रक्रिया भी शुरू कर दी गयी है. निगम प्रशासन के अनुसार जून महीने में टेंडर प्रक्रिया पूरी होगी और जुलाई से समरसेबल लगाने का कार्य शुरू किया जाएगा.
लोगों ने उठाया बड़ा सवाल
स्थानीय लोगों का कहना है कि जब जुलाई में समरसेबल लगेंगे, तब तक मई और जून की भीषण गर्मी में लोग कैसे राहत पाएंगे. लोगों का आरोप है कि हर साल गर्मी आने के बाद ही प्रशासन की नींद खुलती है, जबकि पहले से तैयारी नहीं की जाती.
हर साल दोहराई जाती है पानी की समस्या
शहरवासियों का कहना है कि हर वर्ष गर्मी शुरू होते ही जलापूर्ति व्यवस्था ध्वस्त हो जाती है. करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद शहर को नियमित और शुद्ध पेयजल उपलब्ध नहीं हो पा रहा है. लोगों ने स्थायी समाधान की मांग की है.
स्थायी व्यवस्था की मांग तेज
स्थानीय नागरिकों ने नगर निगम से शहर में मजबूत और स्थायी जलापूर्ति व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है ताकि हर साल गर्मी में लोगों को पानी के संकट का सामना न करना पड़े.