राणा गौरी शंकर, मुंगेर
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार गुरुवार को समृद्धि यात्रा पर मुंगेर पहुंचे. इस दौरान उन्होंने मुंगेर को 119 करोड़ की योजनाओं की सौगात दी. इसमें 78 योजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास किया. उन्होंने जिला मुख्यालय में जहां कई नवनिर्मित भवन का उद्घाटन व निरीक्षण किया. वहीं मुख्य कार्यक्रम स्थल हवाई अड्डा मैदान से रिमोट दबा कर एकीकृत रूप से योजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास किया.मुख्यमंत्री ने सर्व प्रथम नवनिर्मित जिला उद्योग केंद्र के कार्यालय भवन के शिलापट्ट अनावरण किया व फीता काटकर उद्घाटन किया. इसके साथ भवन का निरीक्षण किया और वहां के मौजूद सुविधाओं का जायजा लिया. परिसर में मुख्यमंत्री उद्यमी योजना के लाभार्थियों की ओर से लगाये गये स्टॉल का सीएम ने अवलोकन किया. इसके साथ ही 60 लाख रुपये का चेक इस योजनाओं के लाभुकों को प्रदान किया. इसके बाद भगत सिंह चौक के समीप डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग अंतर्गत मुंगेर पशु औषधालय कैंपस में जिला स्तरीय संसाधन एवं प्रशिक्षण केंद्र का उद्घाटन किया. संसाधन केंद्र एवं प्रशिक्षण केंद्र के नवनिर्मित भवन का निरीक्षण किया. उन्होंने डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग अंतर्गत थ्री-व्हीलर सह आइस बॉक्स की चाभी व समग्र गव्य विकास योजना, समग्र भैंस पालन योजना, देसी गौ पालन प्राेत्साहन योजना तहत डेयरी इकाई स्थापना के लिए अनुदान के तहत 8 लाख 83 हजार 340 रुपये का सांकेतिक चेक लाभुकों को प्रदान किया.
87 करोड़ की योजना का रिमोट दबाकर किया उद्घाटन
सीएम ने 87 करोड़ रुपये की लागत की 52 योजनाओं का उद्घाटन किया. उन्होंने 1092.85 लाख की लागत से बने जिला पशुपालन एवं जिला स्तरीय संसाधन एवं प्रशिक्षण केंद्र, 107.69 लाख से बने प्रथम वर्गी पशु चिकित्सालय ठाडा टेटियाबंर, 193.69 करोड़ से बने जिला उद्योग केंद्र मुंगेर का नवनिर्मित कार्यालय भवन, 305.00 लाख से जमालपुर प्रखंड के सिंघिया पंचायत में बने पंचायत सरकार भवन, 38.65 लाख से असरगंज के प्राथमिक विद्यालय बिंद टोला दुलहर में बने 4 अतिरिक्त वर्ग कक्ष, 25.92 लाख से असरगंज के प्राथमिक विद्यालय सजुआ (अनु जाति) में बने 2 अतिरिक्त वर्ग कक्ष, 38.65 लाख से असरगंज के मवि ममई में बने 4 अतिरिक्त वर्ग कक्ष, 39.66 लाख से मवि माधोपुर मुंगेर में बने 4 अतिरिक्त वर्ग कक्ष, 34.91 लाख से मवि महावीर स्थान छोटी महुली मुंगेर में बने 3 अतिरिक्त वर्ग कक्ष समेत एक दर्जन से अधिक विद्यालयों में बनाये गये वर्ग कक्ष का उदघाटन किया. जबकि 460.00 लाख से सदर प्रखंड मुंगेर में बने शिक्षा भवन, 246.85 लाख से तारापुर प्रखंड के धोबई में बने पंचायत सरकार भवन, 274.47 लाख से हवेली खड़गपुर के गंगटा पंचायत में बने पंचायत सरकार भवन समेत कुल 52 योजनाओं का उद्घाटन किया.
32 करोड़ की 26 योजनाओं का किया शिलान्यास
सीएम ने हवाई अड्डा मैदान से 32 करोड़ रुपये की लागत से तैयार होने वाली 26 येाजनाओं का शिलान्यास किया. उन्होंने जिन योजनाओं का शिलान्यास किया उसमें भवन निर्माण विभाग की ओर से हवेली खड़गपुर प्रखंड में 490.00 लाख से बनने वाले 100 बेड वाले राजकीय आवासीय कल्याण बालक छात्रावास, पंचायत राज विभाग की ओर से धरहरा प्रखंड में 64.77 लाख से धरहरा दक्षिण पंचायत के काली स्थान एवं दुर्गा स्थान परिसर में चहारदीवारी, पेवर ब्लॉक, स्ट्रीट लाइट, रंगमंच निर्माण कार्य, इसी प्रखंड में 60.59 लाख से बनने वाले जिला परिषद की भूमि पर बहुउद्देशीय भवन के परिसर के विकास एवं सौंदर्यीकरण निर्माण कार्य, इसी प्रखंड में 31.80 लाख की लागत से जिला परिषद की भूमि पर बहुद्देशीय भवन के चहारदीवारी का निर्माण कार्य शामिल है. जबकि 58.73 लाख की लागत से बनने वाली नगर परिषद जमालपुर अंतर्गत ईदगाह रोड में पीसीसी सड़क निर्माण कार्य, जमालपुर में 77.31 लाख से जनता मोड से दास टोला एवं आनंदमार्ग में बनने वाली पीसीसी सड़क निर्माण, 304.10 लाख की लागत से बनने वाले जमालपुर के धरहरा-फुलका रोड, 124.50 लाख से जमालपुर के फरीदपुर टीओपी से फरीदपुर बस्ती से कपिल देव मंडल के घर तक पीसीसी सड़क निर्माण कार्य शामिल है. जबकि नगर पंचायत तारापुर में 63.62 लाख, 48.74 लाख से बनने वाली सड़क व ढक्कनयुक्त नाला का निर्माण कार्य शामिल है. मुंगेर नगर निगम क्षेत्र में करोड़ों की लागत से बनने वाली पीसीसी सड़क, क्रास नाला, नाला का निर्माण कार्य शामिल है. समाज कल्याण विभाग के आरआइडीएफ नाबार्ड द्वारा 138.00 लाख से बनने वाले 23 आंगनबाड़ी केंद्र, बिहार पुलिस भवन निर्माण निगम द्वारा 204.66 लाख से बनने वाली जिला अभियोजन कार्यालय के विद्युतीकरण सहित निर्माण कार्य, पूरबसराय थाना के बदले पुलिस केंद्र मुंगेर मुंगेर में 35.42 लाख से बनने वाले 10 महिला बैरक का विद्युतीकरण सहित 26 योजनाएं शामिल हैं.
स्टॉल का किया अवलोकन, लाभुकों के बीच चेक वितरित
मुंगेर. हवाई अड्डा मैदान में विभिन्न विभागों द्वारा लगाये गये स्टॉलों का मुख्यमंत्री ने अवलोकन किया. इस दौरान उन्होंने 3220 स्वयं सहायता समूहों को बैंक ऋण के तहत 101 करोड़ रुपये का सांकेतिक चेक प्रदान किया. उन्होंने बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड, सीएम सामर्थ्य योजना, संबल के अंतर्गत दिव्यांगजनों को बैटरी चालित ट्राई साइकिल की चाभी, बिहार शताब्दी असंगठित कार्य क्षेत्र कामगार एवं शिल्पकार सामाजिक सुरक्षा योजना के तहत 371 लाभुकों को छात्रवृति अनुदान के रूप में 18 लाख 55 हजार रुपये का चेक प्रदान किया. जबकि तालाब मात्सिकी विशेष सहायता योजना का सांकेतिक चेक, मुख्यमंत्री राहत कोष से जिले के कुल 85 विमुक्त बाल श्रमिकों को वित्तीय सहायता के लिए 21 लाख 50 हजार रुपये का सांकेतिक चेक दिया गया. जबकि बिहार भवन एवं अन्य निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड अंतर्गत 80 लाभुकों मातृत्व लाभ अनुदान के तौर पर 29 लाख 66 हजार 400 रुपये का सांकेतिक चेक, जीविका परियोजना द्वारा 5388 स्वयं सहायता समूहों को सामुदायिक निवेश निधि के माध्यम से 36 करोड़ 89 लाख 81 हजार 52 रुपये का सांकेतिक चेक, सतत जीविकोपार्जन योजना के कुल 65 लाभुकों को परिसंपत्ति हस्तांतरण के माध्यम से 29 लाख 66 हजार रुपये का सांकेतिक चेक लाभुकों को प्रदान किया. जीविका दीदियों ने सीएम का स्वागत किया. मौके पर केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह, उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी, गन्ना उद्योग मंत्री संजय कुमार पासवान, विधायक नचिकेता मंडल, कुमार प्रणय, एमएलसी लाल मोहन गुप्ता, विकास आयुक्त मिहिर कुमार सिंह, सीएम के सचिव डॉ चंद्रशेखर सिंह मुख्य रूप से मौजूद थे.
कष्टहरणी घाट को विकसित कराने का दिया निर्देश
मुंगेर. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पौराणिक कष्टहरणी गंगा घाट पहुंचे, जहां 3.76 करोड़ की लागत से घाट पर चल रहे सौंदर्यीकरण कार्य का निरीक्षण किया. स्थानीय कलाकारों ने पारंपरिक नृत्य प्रस्तुत कर सीएम का स्वागत किया. निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि गंगा तट पर अवस्थित कष्टहरणी घाट के आसपास के क्षेत्रों को भी विकसित कराएं,ताकि यहां आने वाले श्रद्धालुओं को अनुष्ठान एवं स्नान करने में किसी प्रकार की कठिनाई न हो. विदित हो कि कष्टहरणी घाट प्राचीन और धार्मिक स्थल है. मान्यता के अनुसार यहां स्नान करने से शारीरिक और मानसिक कष्ट दूर होते हैं. रामायण काल में ताड़का वध के बाद भगवान राम और लक्ष्मण ने यहां गंगा स्नान कर नारी हत्या के पाप से मुक्ति पाई थी. दानवीर कर्ण से भी यह जुड़ा हुआ है. कष्टहरणी गंगा घाट का जिक्र बाल्मिकी रामायण में भी है.
